Edited By Punjab Kesari,Updated: 28 Jul, 2017 03:04 PM
आज के भौतिकवादी युग में पारिवारिक मर्यादाओं को दरकिनार कर कुछ लोग अपने बुजुर्गों को घोर यातनाएं दे रहे हैं। ऐसा ही एक मामला मोगा की बस्ती गोबिंदगढ़ में सामने आया है।
मोगा (आजाद): आज के भौतिकवादी युग में पारिवारिक मर्यादाओं को दरकिनार कर कुछ लोग अपने बुजुर्गों को घोर यातनाएं दे रहे हैं। ऐसा ही एक मामला मोगा की बस्ती गोबिंदगढ़ में सामने आया है।
क्या है सारा मामला
जिला पुलिस अधीक्षक मोगा को बुजुर्ग कुलदीप सिंह (65) पुत्र हरनाम सिंह निवासी गली टांगियां वाली बस्ती गोबिंदगढ़ मोगा ने बताया कि वह मोटर वर्कशॉप का काम करता था। उसके एक बेटा तथा 4 बेटियां हैं, जो शादीशुदा हैं। उसने अपने इकलौते बेटे हरप्रीत सिंह को अलग से दुकान बना कर दी, ताकि वह अपना गुजारा अच्छी तरह से कर सके। हमने उसकी शादी धूमधाम से कोटकपूरा में की थी। उसका एक बच्चा भी है। कथित तौर पर नशेड़ी होने के कारण उसका अपनी पत्नी के साथ विवाद रहने लगा, जो उसे छोड़ कर अपने मायके चली गई। बेटा नशों के लिए हमसे पैसों की मांग करता है। जब हम पैसे नहीं देते तो वे हमें परेशान करने के अलावा मारपीट करने लगता है।
बंधक बना कर रखता है भूखा-प्यासा
शिकायतकर्ता ने कहा कि उनका कथित नशेड़ी बेटा पैसे न मिलने पर हमें बंधक बना कर कई-कई घंटे भूखा-प्यासा रखता है और हमें जान से मारने की धमकियां देता है। हमने कई बार खुद तथा रिश्तेदारों के माध्यम से उसे समझाने का प्रयास किया। जब उसने किसी की बात नहीं सुनी तो हमने उसे बेदखल कर दिया, लेकिन वह फिर भी हमारे साथ जब्री हमें धमका कर रह रहा है। हम बुजुर्ग दंपति कुछ भी करने में असमर्थ हैं। इसके बाद हमें पुलिस को सूचित करना पड़ा।
क्या हुई पुलिस कार्रवाई
जिला पुलिस अधीक्षक मोगा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच करने का आदेश दिया। जांच के समय शिकायतकत्र्ता बुजुर्ग दंपति के आरोप सही पाए जाने पर थाना सिटी मोगा में कथित आरोपी हरप्रीत सिंह पुत्र कुलदीप सिंह के खिलाफ बंधक बना कर रखने तथा जान से मारने की धमकियां देने के आरोपों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। कथित आरोपी की गिरफ्तारी बाकी है।