Edited By Punjab Kesari,Updated: 13 Nov, 2017 11:47 PM
लगातार बढ़ रहे कोहरे व स्मॉग ने पंजाब पुलिस अधिकारियों की नींद भी उड़ा दी है। ऐसा कोई दिन नहीं बीत रहा जब सुबह के कोहरे में लोग दुर्घटना का शिकार न बन रहे हों। पिछले एक सप्ताह के भीतर प्रदेश में कोहरे के कारण 30 से ज्यादा लोगों की जान चली गई। कोहरे...
जालंधर(रविंदर शर्मा): लगातार बढ़ रहे कोहरे व स्मॉग ने पंजाब पुलिस अधिकारियों की नींद भी उड़ा दी है। ऐसा कोई दिन नहीं बीत रहा जब सुबह के कोहरे में लोग दुर्घटना का शिकार न बन रहे हों। पिछले एक सप्ताह के भीतर प्रदेश में कोहरे के कारण 30 से ज्यादा लोगों की जान चली गई।
कोहरे व स्मॉग के कारण लगातार बढ़ रहे हादसों को रोकने के लिए प्रदेश के डी.जी.पी. सुरेश अरोड़ा आगे आए हैं और उन्होंने सभी जिला पुलिस अधिकारियों को सभी शहरों में नाइट पैट्रोलिंग शुरू करने के दिशा-निर्देश जारी किए। सुरेश अरोड़ा ने सभी पुलिस कमिश्नर व एस.एस.पी. को फील्ड में उतर कर सभी प्रमुख सड़कों, चौराहों आदि का मुआयना करने को कहा है। जिलों से एक्सीडैंट प्रोन स्पॉट्स पर रिपोर्ट तलब की गई है। डी.जी.पी. ने सभी जिलों से कोहरे व स्मॉग के कारण हुए हादसों के बारे भी अपडेट हासिल किए।
अधिकारियों से बातचीत के बाद उन्होंने कहा कि सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने इलाकों में नाइट पैट्रोलिंग करने व रात के समय पुलिस थानों के अलावा अपने इलाकों में की गई नाकाबंदी को भी नियमित रूप से चैक करने को कहा गया है। साथ ही पुलिस कमिश्नर व एस.एस.पी. को भी एन.जी.ओ. व सरकारी संगठनों की मदद से गाडिय़ों पर रिफ्लैक्टर लगाने की मुहिम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
डी.जी.पी. ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए हैं कि ट्रैफिक पुलिस को शहर की बजाय ज्यादातर कोहरे के दौरान हाईवे पर मूव करवाएं, ताकि वे लोगों को रास्ता दिखा सकें। रात के समय में भी पुलिस मुलाजिमों को फॉग लाइट के साथ प्रत्येक चौराहे पर उपलब्ध होने को कहा है ताकि वे भटके हुए वाहन चालकों को उनकी मंजिल तक पहुंचा सकें। डी.जी.पी. ने यह भी आदेश दिया है कि अगर कोई पुलिस मुलाजिम अपनी ड्यूटी मेें कोताही करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।