Edited By Punjab Kesari,Updated: 27 Aug, 2017 11:21 AM
पंजाब के मुख्यमंत्री कै. अमरेन्द्र सिंह कल मालवा के संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर कानून व्यवस्था की...
जालंधर(धवन): पंजाब के मुख्यमंत्री कै. अमरेन्द्र सिंह कल मालवा के संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर कानून व्यवस्था की स्थिति का स्वयं जायजा लेंगे। मुख्यमंत्री के नजदीकी सूत्रों ने बताया कि संवदेनशील क्षेत्रों में जाकर मुख्यमंत्री द्वारा जहां लोगों का अमन व शांति बनाए रखने के लिए आभार जताया जाएगा, वहीं पर वे सुरक्षा बलों का हौसला भी बढ़ाएंगे। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को सी.बी.आई. अदालत द्वारा सजा सुनाए जाने के बाद मालवा क्षेत्र में कई स्थानों पर सरकार को सतर्कता की दृष्टि से कफ्र्यू लगाना पड़ा था।
कैप्टन द्वारा मानसा, मौड़, भटिंडा तथा बल्लुआना (रेलवे स्टेशन) का दौरा किया जाएगा तथा सबसे अंत में वह मलोट में जाएंगे। उनके साथ वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। कैप्टन दौरे के दौरान देखेंगे कि डेरा प्रेमियों ने किन स्थानों पर सम्पत्ति को नुक्सान पहुंचाया है। मुख्यमंत्री ने आज स्वयं टैलीफोन पर संवेदनशील जिलों के डिप्टी कमिश्नरों, एस.एस.पीज तथा एस.पी. रैंक के अधिकारियों से बातचीत कर शांति बहाली में दिए गए योगदान के लिए उनका हौसला बढ़ाया। मालवा क्षेत्र के दौरे पर मुख्यमंत्री के साथ उनकेमुख्य प्रधान सचिव सुरेश कुमार भी जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने डिप्टी कमिश्नरों व पुलिस अधिकारियों को सरकार की ओर से हर संभव मदद देने का भरोसा दिया है।
पंजाब भी हाईकोर्ट को सौंपेगा सम्पत्ति को पहुंचे नुक्सान की सूची
मुख्यमंत्री ने पहले ही इन हिंसक घटनाओं में जिन सम्पत्तियों को नुक्सान पहुंचा है, उनकी सूची तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को जारी कर दिए हैं। सरकार द्वारा यह सूची पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट को सौंपी जाएगी। जिन्होंने डेरा से सम्पत्ति को पहुंचे नुक्सान की भरपाई करने की बात कही है।