Edited By Updated: 28 Sep, 2016 08:02 PM
पंजाब कांग्रेस मामलों की प्रभारी आशा कुमारी तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा ने अब इंगलैंड में दिल्ली के...
जालन्धर(धवन): पंजाब कांग्रेस मामलों की प्रभारी आशा कुमारी तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा ने अब इंगलैंड में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ सियासी मोर्चा खोलते हुए कहा है कि पंजाबियों को केजरीवाल की कथनी व करनी से सतर्क रहना होगा।
उन्होंने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेते हुए कहा कि दिल्ली में केजरीवाल ने सत्ता में आने से पहले दिल्ली वासियों से बड़े-बड़े वायदे किए जोकि फ्लॉप होकर रह गए। उन्होंने कहा कि केजरीवाल से दिल्ली वासी निराश हैं इसलिए अब उन्होंने पंजाब व गोवा की तरफ रुख कर लिया है। एयरपोर्ट पर इंडियन ओवरसीज कांग्रेस यू.के. के अध्यक्ष दलजीत सिंह सहोता, हरजिंद्र सिंह चाहल, गुरबीर अटकड़, मोहिन्द्र सिंह कंग, वाहेगुरुपाल सिंह ओलख तथा बिट्टू मोही ने आशा कुमारी का स्वागत किया। आशा कुमारी तथा कुमारी शैलजा ने लंदन में संविधान निर्माता डा. बी.आर. अम्बेदकर के उस घर का दौरा किया जहां वह अपने शिक्षाकाल के दौरान रहते थे।
उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों को बाहरी तथा स्थानीय नेताओं के बीच अंतर करना होगा। उन्होंने कहा कि बिहार में भी लोगों ने कांग्रेस तथा नीतीश कुमार के स्थानीय गठबंधन को जिताया था तथा बाहरी पार्टी भाजपा को पराजित किया था।
पंजाब में भी लोग बाहरी आम आदमी पार्टी को पराजित करेंगे परन्तु अप्रवासियों को गांवों में संदेश भेज कर अपने लोगों को सतर्क करना होगा ताकि वह ‘आप’ के झांसे में न आएं। हरियाणा के वरिष्ठ नेता अजय शर्मा ने कहा कि इंगलैंड में आम आदमी पार्टी का कोई असर नहीं है। अप्रवासी पूरी तरह से कांग्रेस के साथ हैं।