Edited By Punjab Kesari,Updated: 30 Jan, 2018 09:06 AM
ब्लाक कलानौर के अंतर्गत पड़ते सीमावर्ती गांव बरीला कलां में विवाहिता महिला दहेज की खातिर बलि चढ़ गई। इस घटना का समाचार मिलते ही पुलिस थाना कलानौर के एस.एच.ओ. निर्मल सिंह तुरंत घटना स्थल पर पहुंच गए।
बटाला/कलानौर (बेरी, मनमोहन): ब्लाक कलानौर के अंतर्गत पड़ते सीमावर्ती गांव बरीला कलां में विवाहिता महिला दहेज की खातिर बलि चढ़ गई। इस घटना का समाचार मिलते ही पुलिस थाना कलानौर के एस.एच.ओ. निर्मल सिंह तुरंत घटना स्थल पर पहुंच गए।
पुलिस थाना कलानौर को दर्ज करवाए बयानों में मृतक महिला प्रभजोत कौर (26) के भाई बलजीत सिंह निवासी धर्मकोट बग्गा ने बताया कि उसकी बहन का विवाह 2014 में रणजोध सिंह के साथ गांव बरीला कलां में हुआ था और उनका एक करीब 2 वर्ष का लड़का भी है। उसका पति विवाह के 6-7 महीने बाद मलेशिया चला गया था। बलजीत सिंह ने बताया कि उसकी बहन के पति सहित उसकी सास व ससुर द्वारा उसकी बहन को दहेज लाने के संबंध में तंग-परेशान किया जाता था।
उसने बताया कि आज सुबह उन्हें फोन पर सूचना दी गई कि उसकी बहन को दिल का दौरा पड़ गया है और जब वह बरीला कलां पहुंचे तो देखा कि उसकी बहन के गले पर नील के निशान पड़े हुए थे और उसकी मौत हो चुकी थी।इस संबंधी जब पुलिस थाना कलानौर के एस.एच.ओ. निर्मल सिंह के साथ सम्पर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि मृतक लड़की के भाई बलजीत सिंह के बयानों के आधार पर मृतक लड़की की सास सविन्द्र कौर, ससुर गुरमीत सिंह एवं पति रणजोध सिंह के खिलाफ थाना कलानौर में मुकद्दमा दर्ज कर दिया गया है।