Edited By Punjab Kesari,Updated: 15 Feb, 2018 10:12 AM
सी.एच.सी. बधानी में गत रात्रि उस समय जबरदस्त हंगामा हो गया जब झगड़े में घायल हुए युवक, जिसको उपचार हेतु दाखिल किया था, को पुलिस द्वारा उठाने के नाम पर दर्जनों लोगों के साथ हलका विधायक व पूर्व डिप्टी स्पीकर पंजाब दिनेश सिंह बब्बू ने पंजाब सरकार व...
पठानकोट (कंवल, आदित्य): सी.एच.सी. बधानी में गत रात्रि उस समय जबरदस्त हंगामा हो गया जब झगड़े में घायल हुए युवक, जिसको उपचार हेतु दाखिल किया था, को पुलिस द्वारा उठाने के नाम पर दर्जनों लोगों के साथ हलका विधायक व पूर्व डिप्टी स्पीकर पंजाब दिनेश सिंह बब्बू ने पंजाब सरकार व पंजाब पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
पठानकोट के गांव छन्नी मुआलां में गत शाम चचेरे भाइयों की आपस में मामूली झड़प ने मामले को कांग्रेस-भाजपा की राजनीति का अखाड़ा बना दिया। इससे पहले झड़प में दोनों गुटों के एक-एक युवक को मामूली चोटें आईं। दोनों पक्षों में घायल कांग्रेस वर्कर संदीप सिंह (28) व भाजपा वर्कर कुलवीर सिंह (31) दोनों निवासी गांव छन्नी मुआलां ने जहां अपना-अपना मैडीकल सी.एच.सी. बधानी में करवाया, वहीं अपनी शिकायत स्थानीय पुलिस में दर्ज करवाई।
इस झगड़े में भाजपा गुट के वर्कर को अधिक चोटें आईं, जिसे अस्पताल के डाक्टरों द्वारा भर्ती करना पड़ा, जबकि कांग्रेस वर्कर का मैडीकल कर तुरन्त छुट्टी दे दी गई। बावजूद इसके जब पुलिस के अधिकारी व कर्मी भाजपा वर्कर को थाने ले जाने मौके पर पहुंचे। इससे पहले कि पुलिस भाजपा वर्कर को थाने ले जाती, इसका पता भाजपा के पूर्व डिप्टी स्पीकर व सुजानपुर के विधायक ठाकुर दिनेश सिंह बब्बू को चला तो देखते ही देखते सैंकड़ों भाजपा वर्कर घायल भाजपा वर्कर की सपोर्ट के लिए सी.एच.सी. पहुंच गए।
इससे पहले कि पुलिस अगली कोई कार्रवाई करती, भड़के भाजपा वर्करों को देख बिना कार्रवाई किए अस्पताल से वापस लौट गई। इतने में विधायक ठाकुर दिनेश बब्बू भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने जहां अपने घायल वर्कर कुलवीर सिंह का हालचाल जाना, वहीं उन्हें आश्वासन दिया कि उन पर कोई धक्केशाही नहीं होने दी जाएगी। विधायक से मिले इस मनोबल से उत्साहित भाजपा वर्करों ने उसी दौरान हैल्थ सैंटर के बाहर कांग्रेस सरकार व पुलिस प्रशासन के विरोध में नारेबाजी की।
कांग्रेस में शामिल करवाने के दबाव में आए दिन घटिया राजनीति के तहत परेशान कर रहे हैं : कुलवीर सिंह
अस्पताल में भर्ती कुलवीर सिंह का आरोप है कि कभी भाजपा में रहे गांव के सरपंच कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। वह स्थानीय कांग्रेसी नेता के सहयोग से उन्हें कांग्रेस में शामिल करवाने के दबाव में आए दिन घटिया राजनीति के तहत परेशान कर रहे हैं। यही कारण है कि बीते कल सरपंच के समर्थक एक युवक ने उनके चचेरे भाई को उनके खिलाफ भड़का दिया कि मैंने अपने चचेरे भाई को गाली निकाली है। इसी बात को लेकर गुस्साए उनके चचेरे भाई ने शाम को अपने पारिवारिक सदस्यों सहित उन्हें घेर कर पीटना शुरू कर दिया, जिसके चलते वह घायल हुए हैं।
उन्होंने पुलिस पर भी आरोप लगाया कि वह अपनी शिकायत लेकर स्थानीय पुलिस थाना गए थे परन्तु पुलिस ने उनकी एक न सुनी। बाद में वह अपना मैडीकल करवाने सी.एच.सी. बधानी पहुंचे। यहां जब पुलिस को भनक लगी तो वह उन्हें तुरन्त बिना उपचार थाने ले जाने का जबरन दबाव बनाने लगी। उन्होंने जब अपनी समस्या विधायक बब्बू को बताई तो पार्टी वर्कर व वह खुद अस्पताल पहुंचे और उपचार शुरू हुआ और वह पुलिस के दबाव से बचा।
क्या कहना है सरपंच का
उधर, जब गांव के सरपंच नीलम सिंह से बात हुई तो उन्होंने उक्त सभी बातों को नकारते हुए कुलवीर को गलत और संदीप सिंह को सही बताया। उन्होंने बताया कि कुलवीर सिंह बिना वजह न केवल उनको बल्कि उनके साथ जुड़े अपने चचेरे भाइयों को गालियां निकाल रहा है। बीते दिन जब संदीप ने वजह पूछी तो उन्होंने संदीप पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
कांग्रेस की शह पर पुलिस ने भाजपा वर्करों को प्रताडि़त किया है : दिनेश सिंह बब्बू
सी.एच.सी. बधानी पहुंचे सुजानपुर के विधायक ठाकुर दिनेश सिंह बब्बू ने कांग्रेस पर वार करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता क्षेत्र के विकास की ओर ध्यान देने की बजाय भाजपा वर्करों को पुलिस थानों में डालने की घटिया राजनीति कर रहे हैं। यह पहला मामला नहीं है इससे पहले भी कई बार कांग्रेस की शह पर पुलिस ने भाजपा वर्करों को प्रताडि़त किया है परन्तु वह किसी भी सूरत में अपने बेकसूर वर्करों पर आंच नहीं आने देंगे। यदि भाजपा का वर्कर कसूरवार होगा तो वह उसकी मदद कदापी नहीं करेंगे।