Edited By Punjab Kesari,Updated: 09 Feb, 2018 08:46 AM
बटाला के सिविल अस्पताल में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक रेहड़ी वाले के साथ कुछ नौजवान पिस्तौल लेकर सिविल अस्पताल बटाला में घुस आए। सिविल अस्पताल बटाला में उपचाराधीन हरप्रीत सिंह पुत्र हरजिन्द्र सिंह निवासी कपूरी गेट बटाला ने बताया कि विगत रात्रि उसका...
बटाला (बेरी): बटाला के सिविल अस्पताल में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक रेहड़ी वाले के साथ कुछ नौजवान पिस्तौल लेकर सिविल अस्पताल बटाला में घुस आए। सिविल अस्पताल बटाला में उपचाराधीन हरप्रीत सिंह पुत्र हरजिन्द्र सिंह निवासी कपूरी गेट बटाला ने बताया कि विगत रात्रि उसका राम नगर क्षेत्र में अंडों की रेहड़ी लगाते नौजवान के साथ 60 रुपए को लेकर मामूली झगड़ा हो गया था जिसके बाद रेहड़ी वाले ने अपने कुछ साथियों को मौके पर बुला लिया और उसकी पिटाई करते हुए उसे ईंट मारकर गंभीर घायल कर दिया व फरार हो गए।
सिविल अस्पताल में फैली दहशत
पिस्तौल सहित युवकों को सिविल अस्पताल में आते देख वहां पर मौजूद लोगों व रोगियों में दहशत का माहौल पैदा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही एस.एच.ओ. सिटी सुखविन्द्र सिंह ने पुलिस पार्टी सहित तुरंत मौके पर पहुंच स्थिति का जायजा लेते हुए रेहड़ी वाले को हिरासत में लेकर पिस्तौल भी कब्जे में ले लिया है और इस संदर्भ में बनती कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीड़ित के परिजनों ने छीना पिस्तौल, आरोपी किया काबू
हरप्रीत सिंह ने बताया कि इसके बाद उसे पारिवारिक सदस्यों ने सिविल अस्पताल में उपचार हेतु भर्ती करवाया लेकिन आज पुन: रेहड़ी वाला अपने कुछ साथियों सहित उसकी पिटाई करने हेतु सिविल अस्पताल में आ घुसा। उनके पास पिस्तौल थी। अस्पताल में उसके पास उसकी बहन सुरिन्द्र कौर पत्नी सुनील गिल निवासी कपूरी गेट बटाला व अन्य लोग मौजूद थे जिन्होंने नौजवानों से पिस्तौल छीनकर मुख्य आरोपी रेहड़ी वाले को तो काबू कर लिया लेकिन बाकी नौजवान मौके से फरार हो गए।
पीड़ित के बयानों पर होगी कानूनी कार्रवाई : एस.एच.ओ.
उक्त मामले संबंधी जब एस.एच.ओ. सिटी सुखविन्द्र सिंह से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि उक्त मामले संबंधी रेहड़ी वाले नौजवान को हिरासत में ले लिया गया है और पीड़ित के बयानों के अनुसार बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी।