Edited By Vaneet,Updated: 21 Mar, 2020 09:18 PM
शादी समारोह में आए व्यक्ति की निर्मम हत्या किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। ...
नवांशहर/मुकंदपुर(त्रिपाठी/भनोट): शादी समारोह में आए व्यक्ति की निर्मम हत्या किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। थाना मुकंदपुर की पुलिस को दी शिकायत में मृतक की पत्नी नवदीप कौर निवासी रसूलपुर ने बताया कि वह घरेलू कामकाज करती है। उसकी वर्ष 2014 जोरावर सिंह पुत्र अमरजीत सिंह के साथ मायका परिवार की बिना सहमति के लव मैरिज हुई थी। उसका पति अपने पिता अमरजीत सिंह तथा भाई कुलविन्दर सिंह के साथ अपने ट्रक पर डाइवरी करता था। उसकी 5 वर्ष की एक लड़की है। नवदीप कौर ने बताया कि गांव गौसला निवासी उसके पति के मामे की लड़की की शादी 21 मार्च को तय हुई है जिसके चलते वह अपने पति के साथ 17 मार्च को गांव गौसला आ गए थे। जिस उपरान्त वह गांव गौसला में ही रुक गई थी जबकि उसका पति अगले दिन वापस अपने गांव रसूलपुर चला गया था।
उसने बताया कि उसका पति शराब पीने का आदि था। 20 मार्च को वह बाइक से गांव गौसला आ गया था। विवाह वाले घर लड़की को शाम करीब 7 बजे माईया लगाने की रस्में चल रही तो उस समय तक उसका पति उनके साथ ही था परन्तु इस उपरान्त वह बिना बताए कहीं चला गया। नवदीप कौर ने बताया कि जब देर रात तक उसका पति वापस नहीं आया तो वह उनके फोन पर काल करती रही परन्तु फोन बंद आ रहा था। उसे बाद में पता चला कि उसके पति का अज्ञात लोगों ने कत्ल कर दिया है तथा उनका शव गांव गहिल मजारी के सुएं में पड़ा है।
एस.पी.डी. सहित डॉग स्क्वाड तथा फिंगर प्रिंट टीमों ने लिया मौके पर जायजा
जानकारी मिलने के बाद थाना मुकंदरपुर पुलिस के एस.एच.ओ. इंस्पैक्टर गुरमुख सिंह सहित एस.पी.डी. बजीद सिंह ने मौके पर पहुंच कर हत्या के सुराग एकत्रित करने के लिए मौके का जायजा लिया। इस दौरान डॉग स्क्वाड तथा फिंगर प्रिंट टीम की ओर से साक्षात एकत्रित करने का प्रयास किया। एस.एच.ओ. ने कहा कि पुलिस द्वारा जल्द ही कातिलों का पता लगा लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में भेज दिया है जबकि पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयानों के आधार पर अज्ञात लोगों को खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।