Edited By Subhash Kapoor,Updated: 19 Jun, 2025 06:33 PM

पंजाब में नशे की भयावह तस्वीरें अब समाज के जिम्मेदार माने जाने वाले पेशों तक पहुंच चुकी हैं।
जालंधर : पंजाब में नशे की भयावह तस्वीरें अब समाज के जिम्मेदार माने जाने वाले पेशों तक पहुंच चुकी हैं। जालंधर के दकोहा इलाके से एक चौंकाने वाला वीडियो वायरल हुआ है जिसमें एक डॉक्टर नशा करते हुए दिखाई दे रहा है। इससे भी ज्यादा शर्मनाक बात यह है कि बाद में सामने आए एक सीसीटीवी फुटेज में यही डॉक्टर एक महिला पर हाथ उठाते हुए नजर आ रहा है। वीडियो के वायरल होते ही प्रदेश में हलचल मच गई है और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने इस पूरे मामले की जांच के आदेश भी दे दिए हैं।
वीडियो में डॉक्टर को एक महिला के सामने एटीएम कार्ड से नशे का पदार्थ पीसते हुए देखा गया। यही नहीं, एक अलग सीसीटीवी फुटेज में डॉक्टर एक महिला को थप्पड़ मारते हुए भी नजर आया। शुरुआत में वीडियो को होशियारपुर के दसूहा का बताया जा रहा था, लेकिन पंजाब पुलिस के डीएसपी बलविंदर सिंह ने पुष्टि की कि यह मामला जालंधर के दकोहा एरिया से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, आरोपी डॉक्टर जालंधर के एक प्रतिष्ठित निजी अस्पताल में भी अपनी सेवाएं दे रहा था। फिलहाल उसकी कार्यप्रणाली और पृष्ठभूमि की जांच जारी है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा, “डॉक्टर जैसे पेशे में कार्यरत व्यक्ति का इस प्रकार नशे का सेवन और महिला से मारपीट बेहद शर्मनाक है। इसकी पूरी जांच होगी और सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
