Edited By Punjab Kesari,Updated: 13 Nov, 2017 12:21 PM
शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में पिछले कुछ समय से लगी संस्था समर्पण टू द नेशन ने अब शहर की सड़कों पर लगते कूड़े के डम्पों को साफ करवाने का अभियान शुरू किया है। यह अभियान डी.ए.वी. नहर के किनारों से शुरू किया गया था, जो अब शहर के दूसरे क्षेत्रों तक...
जालंधर (खुराना): शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में पिछले कुछ समय से लगी संस्था समर्पण टू द नेशन ने अब शहर की सड़कों पर लगते कूड़े के डम्पों को साफ करवाने का अभियान शुरू किया है। यह अभियान डी.ए.वी. नहर के किनारों से शुरू किया गया था, जो अब शहर के दूसरे क्षेत्रों तक भी फैल चुका है। समर्पण टू द नेशन द्वारा कन्वीनर अमित शर्मा के नेतृत्व में पिछले कुछ दिनों से सूर्य एन्क्लेव को जाती न्यू गांधी नगर रोड को साफ करने का प्रोजैक्ट हाथ में लिया गया था जिसमें संस्था को काफी हद तक सफलता मिल गई है।
कन्वीनर अमित शर्मा ने बताया कि पॉश कालोनियों की ओर जाती सड़क के किनारे खेत ही खेत थे जिस कारण लोग अपना सारा कूड़ा यहां फैंक जाते थे। और तो और निगम के कर्मचारी भी आसपास का कूड़ा यहां लाकर फैंकना शुरू हो गए थे जिस कारण इस सड़क पर कुल 7 डम्प डिवैल्प हो गए थे जहां टनों के हिसाब से कूड़ा बिखरा रहता था। अक्सर यह कूड़ा सड़क पर आ जाता था जिस कारण हालात काफी खराब दिखाई देते थे। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले संस्था के स्वयंसेवकों ने निगमाधिकारियों को साथ लेकर इस सड़क पर सफाई अभियान चलाया और एक ही दिन में कूड़े के 3 बड़े डम्प साफ करके वहां डस्टबिन इत्यादि रखवा दिए। बाकी कार्य आज पूरा किया गया जिस दौरान निगम अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों का भी सहयोग लिया गया।
पार्क की दशा सुधारने का कार्य भी शुरू
समर्पण टू द नेशन संस्था के कार्यकत्र्ताओं ने न्यू गांधी नगर रोड पर से कूड़े के डम्प हटवाने के बाद वहां पड़ते एक बड़े पार्क की दशा सुधारने का काम भी शुरू कर दिया है। क्षेत्र निवासियों को साथ लेकर वहां पार्क की दीवार को पेंट इत्यादि किया गया है और आने वाले समय में वहां साफ-सफाई करके पार्क का रूप दे दिया जाएगा। लोगों ने संस्था के इस अभियान की तारीफ की और क्षेत्र की साफ-सफाई का संकल्प भी लिया।
डा. श्रीकृष्ण और अशोक भील का कार्य सराहनीय
अमित शर्मा ने बताया कि ऐसे कार्यों में नगर निगम का रोल काफी महत्वपूर्ण होता है। इस प्रोजैक्ट में उन्हें निगम की सैनीटेशन शाखा के प्रमुख डा. श्रीकृष्ण और क्षेत्र के सैनेटरी सुपरवाइजर अशोक भील का पूरा समर्थन मिला जिस कारण 2 दिनों में ही आधा दर्जन से ज्यादा कूड़े के डम्प बिल्कुल साफ कर दिए गए। उन्होंने बताया कि अब इस क्षेत्र के लोगों को भी जागरूक किया गया है जिसके बाद उनका कहना है कि अब यहां कूड़ा नहीं फैंकने दिया जाएगा।