Edited By Punjab Kesari,Updated: 05 Nov, 2017 11:03 PM
मुख्यमंत्री कै. अमरेन्द्र सिंह के जद्दी शहर में स्मॉग का कहर इस सीजन में अपने चरम पर है। लगातार जलाई जा रही पराली....
पटियाला(बलजिन्द्र, राणा): मुख्यमंत्री कै. अमरेन्द्र सिंह के जद्दी शहर में स्मॉग का कहर इस सीजन में अपने चरम पर है। लगातार जलाई जा रही पराली के कारण धुएं की मात्रा इतनी अधिक हो गई कि शाम 4 बजे ही आज पूरे शहर में अंधेरा छा गया। 4.40 बजे शहर में लाइटें ऑन हो गईं। इसका सबसे बड़ा कारण यह था कि आसमान में बादल छाने से तापमान काफी गिर गया और धुआं ऊपर जाने की बजाय नीचे ही परत बन कर जमा हो गया, जिस कारण शाम 4 बजे ही पूरे शहर में अंधेरा छा गया। हालात यह रहे कि दिन भर जहां सांस लेना कठिन हो गया, वहीं शाम को स्मॉग के कारण विजीबिलिटी भी 10 से 15 मीटर तक रह गई।
तापमान गिरा और धुएं की परत जमी
अचानक तापमान में आई गिरावट के कारण धुएं की परत नीचे ही जम गई। आज कम से कम तापमान 13 डिग्री दर्ज किया गया, जोकि धुएं की परत जमने में सबसे बड़ा कारण साबित हुआ।
सांस लेना हुआ मुश्किल
धुएं की परत जमने के कारण हवा में सांस लेना मुश्किल हो गया। खास तौर पर बुजुर्गों और सांस के मरीजों के लिए यह मौसम काफी खतरनाक साबित हो रहा है। आज सुबह से ही आसमान में बादल छाए होने के कारण दिन भर सूरज को भी लुका छिपी का खेल खेलना पड़ा। स्मॉग की इतनी खतरनाक परत बन गई कि दिन भर धूप कहीं दिखाई भी नहीं दी।
लोगों ने सुबह और शाम की सैर की बंद
आम तौर पर डाक्टरों की तरफ से सुबह और शाम की सैर को प्राथमिकता दी जाती है परंतु प्रदूषण की मात्रा इतनी ज्यादा बढऩे के कारण लोगों ने सुबह और शाम की सैर करनी बंद कर दी क्योंकि दोनों टाइम स्मॉग बहुत ज्यादा छाई थी। लिहाजा प्रदूषित हवा अंदर जाए, इसकी बजाय लोगों ने कुछ दिन के लिए सुबह और शाम की सैर ही बंद कर दी है।