Edited By Punjab Kesari,Updated: 29 Jul, 2017 02:50 PM
डी.आर.एम. द्वारा फिरोजपुर-लुधियाना सैक्शन के रेलवे ट्रैक व इसके मध्य पड़ते रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया।
लुधियाना (विपन): डी.आर.एम. द्वारा फिरोजपुर-लुधियाना सैक्शन के रेलवे ट्रैक व इसके मध्य पड़ते रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बद्दोवाल में बन रहे गुड्ज यार्ड का निरीक्षण भी किया।जानकारी अनुसार फिरोजपुर मंडल के प्रबंधक विवेक कुमार द्वारा फिरोजपुर-लुधियाना स्टेशनों के मध्य पड़ते रेलवे ट्रैक व तलवंडी, मोगा, जगराओं, नानकसर व अन्य स्टेशनों पर निरीक्षण किया। इस दौरान वह बद्दोवाल में बन रहे गुड्ज यार्ड का कार्य देखने भी गए और इसके 2 महीने के करीब शुरू हो जाने की संभावना जताई। उन्होंने सभी स्टेशनों के अधीक्षकों व कर्मियों से उनके स्टेशनों पर यात्रियों का पेश आ रही समस्याओं व स्टेशनों पर यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी भी ली। इस अवसर पर उनके साथ डी.सी.एम. रजनीश श्रीवास्तव, डी.टी.एम. सतिन्द्र पाल सिंह भाटिया, टी.आई. आर.के. शर्मा, स्टेशन अधीक्षक अशोक सिंह सलारिया, सी.एम.आई. अजयपाल सिंह आदि उपस्थित थे।
शीघ्र मिलेगी स्वचलित सीढिय़ों व लिफ्ट की सुविधा
डी.आर.एम. विवेक कुमार ने निरीक्षण दौरान स्थानीय स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए लगाई जा रही स्वचलित सीढिय़ों व लिफ्ट के चल रहे कार्यों का जायजा भी लिया व संबंधित विभाग के अधिकारियों ने इस कार्यों को 2-3 महीनों तक पूरा हो जाने की संभावना जताई।
लोडिंग करने वाले वाहन चालकों व स्थानीय लोगों को मिलेगी राहत
बदोवाल में बनने वाले गुड्ज यार्ड के शुरू हो जाने पर अभी स्थानीय शाम नगर के निकट चल रहे गुड्ज यार्ड में रैक लगने पर खाद आदि लादने के लिए पहुंचने वाले सैंकड़ों छोटे-बड़े वाहनों (कैंटर, ट्रक, छोटे ट्रक) आदि का दिन के समय शहर में प्रवेश न होने के कारण रात के समय या सुबह 9 बजे पहले गुड्ज यार्ड में लोडिंग के लिए पहुंचना पड़ता है और बाहरी राज्यों व शहरों से आने वाले वाहन चालक गलती से दिन के समय शहर में प्रवेश करते हैं तो उनको चालान कटवाना पड़ता है। गुड्ज यार्ड के बद्दोवाल शिफ्ट होने के बाद जहां वाहन चालकों की इस समस्या का निदान हो जाएगा वहीं स्थानीय लोगों को भी इन वाहनों के कारण लगने वाले जाम से छुटकारा मिलेगा।