Edited By Vatika,Updated: 12 Oct, 2022 10:57 AM

थाना सदर तरनतारन की पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच कर जांच करते हुए अगली कार्रवाई शुरु कर दी है।
तरनतारन (रमन): अमृतसर-बठिंडा नैशनल हाईवे-54 के नजदीकी गांव दीनपुर में स्थित रैडीमेड कपड़ों की दुकान के मालिक की गोलियां मार कर बेरहमी से हत्या की गई है। घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारे मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। थाना सदर तरनतारन की पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच कर जांच करते हुए अगली कार्रवाई शुरु कर दी है।
जानकारी के अनुसार गुरजंट सिंह उर्फ जंटा पुत्र अजैब सिंह निवासी रसूलपुर नामक युवक ने कुछ समय पहले नैशनल हाईवे-54 के अधीन आते गांव दीनपुर में रैडीमेड कपड़ों की दुकान खोली थी। मंगलवार की शाम गुरजंट सिंह अपनी दुकान में काम कर रहा था। तब मोटरसाइकिल सवार 2 अज्ञात व्यक्ति दुकान के पास पहुंचे। जो कपड़े खरीदने के बहाने दुकान में दाखिल हो गए। अचानक दोनों अज्ञात व्यक्तियों ने अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरु कर दीं। शरीर पर आधा दर्जन से अधिक गोलियां लगने के कारण गुरजंट सिंह गंभीर रुप से घायल हो गया। इलाज के लिए जब गुरजंट सिंह को सरकारी अस्पताल तरनतारन ले जाया गया तो डाक्टरों ने गुरजंट सिंह को मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता का कहना है कि करीब 4 माह पहले गैंगस्टर लखबीर सिंह लंडा के साथ जुड़े उसके भतीजे अर्श निवासी रसूलपुर के इशारे पर 20 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई थी। फिलहाल डी.एस.पी. राज कुमार ने थाना सदर तरनतारन की पुलिस के साथ मिल कर घटना की जांच शुरु कर दी है। जानकारी देते हुए एस.पी. (आई.) विशालजीत सिंह ने बताया कि मृतक के पिता अजैब सिंह ने अपने बयानों में यह खुलासा किया है कि बेटे गुरजंट सिंह की हत्या के पीछे चचेरे भाई अर्श पुत्र निशान सिंह निवासी रसूलपुर का हाथ है। अर्श के गैंगस्टर लखबीर सिंह लंडा के साथ संबंध हैं। जो विभिन्न मामलों में काफी समय से पुलिस को वांछित है। इस अनचाही घटना को गांव सेरों के निवासी गुरकीरत सिंह उर्फ गोपी (जिसके खिलाफ एक्सप्लोजिव एक्ट के तहत थाना सरहाली में केस दर्ज है) व नौशहरा पन्नूआं के निवासी अजमीत सिंह (जिसके खिलाफ धारा-307 के तहत थाना सरहाली में केस दर्ज है) द्वारा अंजाम दिया गया है। गुरजंट सिंह की हत्या के बाद अब हत्यारों की तलाश की जा रही है।