Edited By Vatika,Updated: 22 Dec, 2023 03:07 PM
युवक की हत्या मामले में फरार दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने थाना सदर समक्ष लगाया धरना एवं जाम
श्री मुक्तसर साहिब: मुक्तसर के डॉ.केहर सिंह चौक में गोली मार युवक की हत्या करने के मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने गांव रत्तेवाला के लोगों के साथ मिलकर थाना सदर का घेराव कर रोड जाम कर दिया। इस दौरान गांव के लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए भड़ास निकाली। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपियों को जान-बूझकर गिरफ्तार नहीं कर रही।
बता दें कि थाना सदर पुलिस ने मुख्य आरोपी लवप्रीत सिंह चहल, जयरीत सिंह व कुछ अज्ञात आरोपितों पर हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। इनमें लवप्रीत की ही गिरफ्तारी हुई है जबकि जयरीत और अन्य अज्ञात फरार हैं। उन्हीं की गिरफ्तारी के लिए परिजनों की ओर से प्रदर्शन किया जा रहा है। मृतक सुमित सिंह बराड़ के चाचा जगजीत सिंह बराड़ ने कहा कि उनका इकलौता पुत्र हमेशा के लिए उनसे दूर कर दिया गया है।
पुलिस ने भले ही गोली चलाने वाले मुख्य आरोपी लवप्रीत सिंह चहल को गिरफ्तार कर लिया है। मगर उसके साथी अभी फरार हैं। पुलिस उनको भी जल्द गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सजा दें। वह तब तक थाने के समक्ष से धरना नहीं उठाएंगे जब तक पुलिस फरार आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर लेती। उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही वह अपने मृतक बेटे का अंतिम संस्कार करेंगे।