Edited By Punjab Kesari,Updated: 22 Aug, 2017 08:43 AM
बाल सिंह नगर में एक नौसरबाज ने बुजुर्ग दंपति को 10.35 लाख की चपत लगाई और फरार हो गया।
लुधियाना (तरुण): बाल सिंह नगर में एक नौसरबाज ने बुजुर्ग दंपति को 10.35 लाख की चपत लगाई और फरार हो गया। नौसरबाज ने योजनाबद्ध तरीके से जान-पहचान बढ़ाई और वारदात को अंजाम दिया। बैंक स्टेटमैंट देख कर दंपति के होश उड़ गए और उन्होंने पुलिस को सूचना दी जिसके बाद चौकी सुंदर नगर की पुलिस ने दंपति संसार सिंह और गुरबख्श कौर के बयान पर नौसरबाज प्रिंस कुमार के खिलाफ साजिश के तहत धोखाधड़ी करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। पीड़ित गुरबख्श कौर ने बताया कि उसका एक बेटा और 3 बेटियां हैं। सभी इंगलैंड में रहते हैं।
वह अपने पति संसार सिंह के साथ बाल सिंह नगर में रहती है। कुछ दिन पहले आरोपी प्रिंस उसके घर के सामने किराए पर रहने के लिए आया। पड़ोसी होने के कारण उनकी प्रिंस के साथ जान-पहचान बढ़ गई जोकि उनके घर आने-जाने लगा। वह अक्सर उनके काम कर देता था। जून महीने में प्रिंस ने मजबूरी बताते हुए उनसे 50 हजार की नकदी मांगी। उन्होंने नकदी देने के लिए हामी भर दी।
उसका पति संसार सिंह बैंक गया और प्रिंस को 50 हजार निकलवा कर दे दिए। इस दौरान आरोपी को पता चल गया कि उनके अकाऊंट में लाखों रुपए पड़े हैं। आरोपी ने उन्हें नोटबंदी के बाद सरकार की सख्ती का हवाला देकर उनसे बैंक में इतनी नकदी न रखने की सलाह दी। वह भी प्रिंस को अपना हितैषी समझने लगा जिसके बाद प्रिंस ने पैन कार्ड बनवाने का झांसा देकर उनसे बैंक स्लिप पर हस्ताक्षर करवा लिए और लाखों रुपए की नकदी निकलवा ली।
बैंक स्टेटमैंट देखने के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी है। जांच अधिकारी गुरजीत सिंह ने बताया कि प्रिंस को जानकारी थी कि दंपति के अकाऊंट में भारी-भरकम बैलेंस है। इसके बाद प्रिंस ने दंपति को झांसे में लेकर लाखों की नकदी निकलवा ली। बैंक कर्मचारी की संलिप्तता है या नहीं, यह जांच के बाद पता चलेगा। आरोपी नौसरबाज फिलहाल फरार है।