Edited By Kamini,Updated: 16 Feb, 2024 02:33 PM
संयुक्त किसान मोर्चा और राष्ट्रीय यूनियनों की ओर से आज भारत बंद का ऐलान किया गया है। वहीं, किसानों और सरकार के बीच तीसरे दौर की मीटिंग भी बेनतीजा होने के बाद संयुक्त किसान मोर्चा गैर राजनीतिक और किसान मजदूर संघर्ष समिति ने पंजाब हरियाणा बॉर्डर पर...
पटियाला: संयुक्त किसान मोर्चा और राष्ट्रीय यूनियनों की ओर से आज भारत बंद का ऐलान किया गया है। वहीं, किसानों और सरकार के बीच तीसरे दौर की मीटिंग भी बेनतीजा होने के बाद संयुक्त किसान मोर्चा गैर राजनीतिक और किसान मजदूर संघर्ष समिति ने पंजाब हरियाणा बॉर्डर पर बैठने का फैसला किया है। बंद के आह्वान के साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे बिना वजह अपने घरों से बाहर न निकलें। किसान नेताओं ने साफ किया है कि ये बंद का आह्वान सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक है।
इसके बावजूद किसान दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक हर मुख्य सड़क पर जाम भी लगाएंगे। इस दौरान किसी भी वाहन को अनुमति नहीं दी जाएगी। पंजाब में संयुक्त किसान मोर्चे के 37 किसान संगठनों और ट्रेड यूनियनों ने पंजाब के 23 जिलों में 100 से अधिक स्थानों पर धरना दिया। इस बीच तमाम जगहों पर सड़कें जाम कर दी गईं। किसान संगठनों ने साफ किया कि छूट सिर्फ 4 वजहों से दी जाएगी, इसमें जिन्हें नहीं रोका जाएगा उनमें एंबुलेंस, मेडिकल इमरजेंसी के लिए जाने वाले व्यक्ति, परीक्षा देने जा रहे छात्र, विवाह कार्यक्रम, बारात, डोली या विवाह कार्यक्रम के लिए गुरुद्वारा साहिब जाने वाले लोग, हवाई या ट्रेन से यात्रा की टिकट दिखाने वाले को।
इसके साथ ही गांवों से सब्जी, फल और अन्य सामान की सप्लाई भी सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक बंद रहेगी। संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं के मुताबिक, 'भारत बंद' के आह्वान के तहत कृषि से जुड़ी सभी गतिविधियां, मनरेगा कार्य और अन्य सभी ग्रामीण कार्य भी बंद रहेंगे। अगली रणनीति बनाने के लिए संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से 18 फरवरी को लुधियाना में बैठक बुलाई गई है और 16 फरवरी को चक्का जाम के दौरान आपातकालीन सेवाएं बंद नहीं की जाएंगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here