Edited By Punjab Kesari,Updated: 08 Feb, 2018 03:54 PM
कैप्टन हिन्दुस्तान का पहला ऐसा मुख्यमंत्री है जो मुख्यमंत्री बनने के बाद एक दिन भी दफ्तर नहीं गया आैर ना ही किसी गांव ...
फाजिल्का(नागपाल,लीलाधर): कैप्टन हिन्दुस्तान का पहला ऐसा मुख्यमंत्री है जो मुख्यमंत्री बनने के बाद एक दिन भी दफ्तर नहीं गया और ना ही किसी गांव में। वायदे पूरे ना कर लोगों के साथ धोखा करने के लिए पंजाब के लोगों की आज से कैप्टन के साथ जंग शुरू हो गई है। यह बात शिरोमणि अकली दल के अध्यक्ष व राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल नें अनाज मंडी फाजिल्का में पंजाब में पोल खोल रैलियों की शुरूआत करते हुए बड़ी संख्या में उपस्थित अकाली दल-भाजपा कार्यकत्र्ताओं को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि एक वर्ष पूर्व राजे ने लोगों को गुमराह करके, पंजाबियों को बदनाम करके सरकार बना ली। हाथ में गुटका साहिब लेकर किसानों के सभी प्रकार के ऋण माफ करने का वायदा किया परन्तु अब कर्ज माफी के लिए शर्तें लगा दी। लोग बातों में आ गए यहां तक कि कई पुराने अकाली भी जिनके पुत्रों ने कहा कि बापू इस बार कैप्टन ने किसानों के कर्ज माफ करने हैं इन्हें वोट डाल दें। आटा दाल के साथ घी, शक्कर, बादाम देने, घर-घर में नौकरी देने की बात कही थी परन्तु यह सब तो क्या देना था अब लोगों पर पर्चे दे रहा है।
शगुन बढ़ाना तो क्या था अभी तक लोगों को मिला नहीं, पैंशन लगवानी तो क्या थी, जिला फाजिल्का में करीब 25000 परिवारों की पैंशन काट दी। अकाली भाजपा गठबंधन के समय युवाओं को दिया जाने वाला खेलों का सामान, मुफ्त गैस कनैशन, तीर्थयात्रा योजना व एस.सी. स्कॉलरशिप बंद कर दी गई। किसानों, व्यापारियों व गरीबों का बीमा बंद कर दिया गया। मुफ्त बिजली की सुविधा बंद कर दी है और अब बिजली वाले लोगों के पीछे-पीछे फिर रहे हैं।
बादल ने कहा कि सरकार ने सुविधाएं तो बंद कर दी और लोगों पर झूठे पुलिस मुकदमें दर्ज करवाए जा रहे हैं। इस संदर्भ में उन्होंने कहा कि सबसे अधिक झूठे केस सुनील जाखड़ ने करवाए हैं। उन्होंने कहा कि हिम्मत है तो जाखड़ आगामी लोकसभा चुनाव फिरोजपुर से लड़कर दिखाएं। उन्होंने कहा कि लोकसभा व विधानसभा के चुनाव एक साथ हुए तो कांग्रेस सरकार का राज्य में बस एक साल ही बचा है। उन्होंने दुख के साथ कहा कि कांग्रेस ने तो मां खेल कबड्डी का वल्र्ड कप ही बंद करवा दिया है जबकि उन्होंने इसे 17 देशों के प्रचलित करवा दिया था।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बादल साहिब संगत दर्शन करते थे परन्तु कांग्रेस का तो न कोई मंत्री व विधायक लोगों से संपर्क कर उनके काम करवाता दिखाई पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि टोपी वालों की तो अब दास्तां ही खत्म हो गई है, जलालाबाद से चुनाव लडऩे वाला भगवंत मान ना तो जलालाबाद ना ही संगरूर में दिखाई पड़ रहा है। शिरोमणि अकाली दल शहरी के अध्यक्ष अशोक अनेजा व ग्रामीण अध्यक्ष गुरपाल सिंह ग्रेवाल ने बड़ी संख्या में पहुंचे अकाली व भाजपा नेताओं तथा कार्यकत्र्ताओं का आभार व्यक्त किया।