Edited By Updated: 28 Oct, 2016 03:21 PM
पंजाब में विधानसभा चुनाव की घोषणा से पूर्व पंजाब के राजस्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया एक बार फिर चर्चा में हैं
जालंधरः पंजाब में विधानसभा चुनाव की घोषणा से पूर्व पंजाब के राजस्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया एक बार फिर चर्चा में हैं, मजीठिया को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सत्ता में आने पर जेल भेजने की चेतावनी दी है। केजरीवाल की इस चेतावनी, पंजाब के चुनावी माहौल और अकाली दल की चुनावी तैयारी के बारे में क्या सोचते हैं बिक्रम सिंह मजीठिया, इसे विषय में ‘पंजाब केसरी’ के साथ खास बातचीत के अंश।
केजरीवाल पंजाब में खुद चुनाव लडऩे को लेकर दुविधा में हैं, आप क्या कहेंगे?
उत्तर : इस आदमी का कोई भरोसा नहीं है। दिल्ली में उन्होंने कहा था कि वह चुनाव नहीं लड़ेंगे लेकिन चुनाव के मैदान में आ गए। फिर बच्चों की सौगंध खाकर कहा कि कांग्रेस का समर्थन नहीं लेंगे। फिर बच्चों की कसम तोड़कर कांग्रेस का समर्थन ले लिया। फिर कहा कि सरकारी गाड़ी, सुरक्षा और घर नहीं लेंगे, जैड प्लस सुरक्षा भी ले ली, गाड़ी भी ले ली और दो घर भी ले लिए। जो इंसान बच्चों की झूठी कसम खाए उसका कौन भरोसा करेगा।
आम आदमी पार्टी के मैनीफैस्टो पर आपका क्या कहना है?
उत्तर : ये सब लोगों को मूर्ख बना रहे हैं। यूथ मैनीफैस्टो में उन्होंने कहा कि पंजाब में 5 साल में 25 लाख नौकरियां देंगे। पंजाब में सरकारी कर्मचारियों की संख्या सवा 4 लाख के आसपास है। ऐसे में 25 लाख नौकरियां कहां से आएंगी। इनके वायदे के हिसाब से हर साल 5 लाख नौकरियां देनी पड़ेंगी। इसका औसत निकालें तो रोजाना बिना छुट्टी किए 1370 नौकरियां देनी होंगी। इतनी नौकरियां कहां से आएंगी और इन्हें वेतन देने के लिए पैसे कहां से आएंगे? ट्रेड मैनीफैस्टो में उन्होंने वैट कम करने का वायदा किया है। या तो केजरीवाल को खुद समझ नहीं है या वह जनता को मूर्ख बना रहे हैं क्योंकि अप्रैल, 2017 में वैट खत्म हो जाएगा तो वह वैट कहां से कम करेंगे। दुनिया में झूठ और गप का यदि कोई अवार्ड शुरू हुआ तो सबसे पहले विजेता अरविंद केजरीवाल होंगे।
श्री दरबार साहिब के बाहर प्लाजा बनाने का सियासी फायदा मिलेगा?
उत्तर : यह काम सेवा के लिए किया गया है। इसमें सियासत न खोजी जाए। पंजाब में वार मैमोरियल, विरासत-ए-खालसा, श्री दरबार साहिब के रास्ते का सौंदर्यीकरण, श्री दुग्र्याणा मंदिर के रास्ते के काम को मुख्यमंत्री ने अपनी ड्यूटी समझ कर पूरा किया है। उन्हें परमात्मा ने यह सेवा बख्शी है, लिहाजा इसमें सियासत नहीं ढूंढी जानी चाहिए।
भगवंत मान को यदि आपके खिलाफ उतारा जाए तो क्या आप तैयार हैं?
उत्तर : असल में सुच्चा सिंह छोटेपुर के बाद अगला नंबर भगवंत मान का है। केजरीवाल पंजाब का सी.एम. बनने के सपने देख रहे थे, लिहाजा उन्होंने पंजाब में सी.एम. उम्मीदवार की घोषणा नहीं की। यदि पार्टी का ग्राफ पंजाब में न गिरता तो भगवंत मान के खिलाफ भी अब तक कुछ न कुछ सामने आ जाता लेकिन अब पार्टी का ग्राफ गिर चुका है, लिहाजा केजरीवाल बौखलाए फिर रहे हैं। रही बात मेरे खिलाफ चुनाव लडऩे की तो यह उनका अंदरूनी मामला है, वह जिस सीट से चाहें चुनाव लड़ सकते हैं।