Edited By Updated: 24 Oct, 2016 01:23 PM
पंजाब यूथ कांग्रेस के प्रधान अमरप्रीत सिंह लाली ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को अंग्रेज खत्म नहीं कर सके तो सुखबीर बादल किस खेत की मूली हैं?
पटियाला(राजेश): पंजाब यूथ कांग्रेस के प्रधान अमरप्रीत सिंह लाली ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को अंग्रेज खत्म नहीं कर सके तो सुखबीर बादल किस खेत की मूली हैं? उन्होंने कहा कि कांग्रेस को खत्म करने बाबत सुखबीर बादल सत्ता के नशे में मदहोश होकर बयानबाजी कर रहे हैं।
लाली यहां 26 अक्तूबर के यूथ कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री निवास के घेराव के कार्यक्रम संबंधी पटियाला के यूथ कांग्रेसी वर्करों से बैठक करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उनके साथ पंजाब कांग्रेस अर्बन डिवैल्पमैंट सैल के चेयरमैन संजीव शर्मा बिट्टू, लोकसभा हलका पटियाला यूथ कांग्रेस के प्रधान जिम्मी डकाला, उपाध्यक्ष कर्ण गौड़ व संजीव शर्मा कालू उपस्थित थे। लाली ने कहा कि कांग्रेस ने इस देश को अंग्रेजों से मुक्त करवाया है और अब पंजाब की जनता को बादलों से कांग्रेस ही मुक्त करवाएगी। अंग्रेज भी कांग्रेस को खत्म करने की बात करते थे परंतु खुद खत्म हो गए, अब सुखबीर बादल भी ऐसी ही बातें कर रहे हैं, उनका हाल भी अंग्रेजों जैसा होगा।
लाली ने कहा कि गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी करने वाले आरोपियों का पंजाब सरकार पता लगाने में असफल रही है। जिन लोगों को आनन-फानन में इसके लिए जिम्मेदार बताया गया उनके खिलाफ भी एक साल बीत जाने के बाद पंजाब सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा पाई है। बादल सरकार को नींद से जगाने के लिए यूथ कांग्रेस 26 अक्तूबर को मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के चंडीगढ़ स्थित सरकारी निवास के सामने धरना देने की तैयारी कर चुकी है। लाली ने कहा कि पंजाब में किसानों की आत्महत्याएं पंजाब सरकार के किसानों प्रति प्रेम का सच सबके सामने रख चुकी हैं। आम आदमी पार्टी के बारे में सवाल पूछते ही लाली ने कहा कि जिस अरविंद केजरीवाल से पंजाब में 4 सांसद नहीं संभाले गए भला वह पंजाब की बागडोर को कैसे संभाल सकता है? उन्होंने कहा कि कई सीनियर अकाली और भाजपा नेता उनके संपर्क में हैं जो खुद अब पंजाब का मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह को बनता हुआ देखना चाहते हैं। यूथ कांग्रेस के लोकसभा प्रधान जिम्मी डकाला ने कहा कि 26 अक्तूबर को मुख्यमंत्री के निवास का घेराव करने के लिए वह 2,000 यूथ कार्यकत्र्ताओं के साथ चंडीगढ़ पहुंचेंगे। नगर निगम में विपक्ष के नेता संजीव बिट्टू ने कहा कि हमेशा से अकाली दल के कहने और करने में बड़ा अंतर रहा है।