Edited By bharti,Updated: 15 Sep, 2018 12:24 PM
टैक्नीकल सर्विसिज यूनियन पंजाब के आह्वान पर सर्कल दफ्तर के कर्मचारियों ने गढ़शंकर ...
नवांशहर (त्रिपाठी): टैक्नीकल सर्विसिज यूनियन पंजाब के आह्वान पर सर्कल दफ्तर के कर्मचारियों ने गढ़शंकर रोड पर स्थित सर्कल दफ्तर के बाहर अपनी मांगों को लेकर रोष धरना दिया।धरने को संबोधित करते हुए यूनियन सर्कल प्रधान नंदलाल, अश्विनी कुमार, भूपिन्दर सिंह, कमलदेव, रणजीत सिंह तथा हर्षपाल ने कहा कि पंजाब की मौजूदा कांग्रेस सरकार अपनी पूर्व सरकार के पद चिन्हों पर चलकर कर्मचारी विरोधी नीतियां अपना रही है, जिसके चलते समूह कर्मचारियों में पावरकॉम मैनेजमैंट तथा सरकार के खिलाफ भारी रोष पाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार बिजली विभाग में रिक्त पड़े हजारों पदों पर रैगुलर भर्ती नहीं कर रही है जिसके चलते न केवल कर्मचारियों पर अतिरिक्त काम का बोझ बढ़ रहा है बल्कि सेवाएं भी बुरी तरह से प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि पावरकाम की मैनेजमैंट तथा सरकार ने कर्मचारियों की मांगों को मंजूर करके जल्द लागू नहीं किया तो वे अपने संघर्ष को और भी तीखा करने के लिए मजबूर होंगे। पावरकॉम तथा ट्रांस्को में भर्ती किए ठेका आधारित कर्मचारियों को रैगुलर किया जाए, डी.ए. का बकाया तथा किस्तों का तुरंत भुगतान किया जाए, सेवामुक्त तथा कच्चे कर्मचारियों को बिजली के रियायती यूनिट दिए जाएं, निलम्बित किए यूनियन नेेताओं को बहाल किया जाए, 11 अक्तूबर 2013 के समझौते को लागू किया जाए, कोर्ट केस वापिस लिए जाएं तथा रिक्त स्थानों पर रैगुलर भर्ती की जाए। इस अवसर पर इकबाल सिंह, हरपाल सिंह, भजन सिंह भौर, सुच्चा सिंह, हरजीत सिंह फोजी, शिव हर्षपाल मुकंदपुर, कमलदेव तथा अश्विनी कुमार गढ़शंकर आदि उपस्थित थे।