Edited By Updated: 08 May, 2016 10:38 PM
पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने आज कहा कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस तथा आम आदमी...
नवांशहर: पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने आज कहा कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस तथा आम आदमी पार्टी (आप) का पूरी तरह सफाया हो जाएगा। बादल ने जिले के राहों कस्बे में संगत दर्शन के दौरान आप और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पंजाब से जुड़े मुद्दों पर अपनी पार्टी का रूख स्पष्ट करें। उन्होंने आप के नेताओं से लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने से बाज आने को कहा।
उन्होंने केजरीवाल को राज्य के मामलों पर बहस की चुनौती देते हुए कहा कि केजरीवाल ने पंजाबी भाषी इलाकों तथा चंडीगढ़ के पंजाब को हस्तांतरण, नदी जल बंटवारे और अन्य मुद्दों पर चुप्पी साध रखी है। उन्हें पंजाब के ज्वलंत मुद्दे दिखाई नहीं देते क्योंकि वह हरियाणा के रहने वाले हैं। एसवाईएल मामले पर उच्चतम न्यायालय में दिए आप पार्टी के शपथपत्र से केजरीवाल की दोहरी नीति का पर्दाफाश हो गया है। उन्होंने कहा कि आप पार्टी पंजाब मेें सत्ता हथियाने को बेताब है।
सी वोटर के सर्वे जैसे गलत हथकंडे उसे जीत में मदद नहीं करेंगे। केन्द्र की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों पर निशाना साधते हुए बादल ने कहा कि कांग्रेस सरकारों की अनदेखी का खामियाजा पंजाब की जनता भुगत रही है। कांग्रेस ने हमेशा पंजाब के साथ भेदभाव करके उसे विकास की दौड़ में पछाड़ दिया। पड़ोसी राज्यों को आर्थिक पैकेज देकर पंजाब को काफी नुकसान पहुंचाया गया तथा उद्योग पंजाब से पलायन कर गए।