Edited By Punjab Kesari,Updated: 09 Mar, 2018 05:13 PM
मशहूर सूफी गायक उस्ताद प्यारे लाल वडाली आज निधन हो गया। बता दें कि वह काफी समय से बीमार थे। उन्होंने निजी अस्पताल में आखिरी सांस ली।
अमृतसर: मशहूर सूफी गायक उस्ताद प्यारे लाल वडाली का आज निधन हो गया जिसके बाद नम आंखों से उन्हें गांव वडाली से अंतिम विदाई दी गई। पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। बता दें कि वह काफी समय से बीमार थे। उन्होंने निजी अस्पताल में आखिरी सांस ली। वडाली को तीन दिन पहले अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उनकी दोनों किडनिया फेल हो चुकी थीं जिस कारण डॉनर की तलाश की जा रही थी लेकिन डॉनर ना मिलने के कारण उनका आज सुबह निधन हो गया। हालांकि अन्य सुत्रों अनुसार उन्हें दिल का दौरा पड़ने की भी खबर है।
उस्ताद प्यारे लाल ने तू माने या ना माने दिलदारा…समेत कई गीत इंडस्ट्री को दिए। प्यारे लाल वडाली के भतीजे लखविंदर वडाली ने उनके निधन की पुष्टि की है। बता दें कि पूर्णचंद वडाली और प्यारे लाल वडाली अभी भी शो करते थे। उन्होंने बॉलीवुड को भी कई गीत दिए। वह कपिल शर्मा के शो में भी एक साथ नजर आए थे। भारत सरकार ने दोनों भाइयों को पदमश्री अवार्ड से भी नवाजा था।
कुछ वक्त से बीमार चल रहे थे प्यारेलाल
प्यारेलाल कुछ वक्त से बीमार चल रहे थे। इसलिए पूरणचंद अपने बेटे लखविंदर वडाली के साथ स्टेज शेयर कर रहे थे। वडाली ब्रदर्स शुरू से ही संगीत में रमे थे। उनके घर में ही संगीत का माहौल था। वो उसी संगीत घराने से थे जिससे उस्ताद बड़े गुलाम अली थे। इसे संगीत के क्षेत्र में पटियाला घराना कहा जाता है। कहा जाता है कि वडाली ब्रदर्स फिल्मों में गाने से परहेज करते थे। लेकिन, रंगरेज गाने का जब उन्हें ऑफर मिला तो उन्होंने इनकार नहीं किया। बाद में ये गाना बेहद हिट हुआ।
कई महान कवियों की रचनाओं को गाया
वडाली बंधुओं ने बुल्ले शाह, कबीर, अमीर खुसरो और सूरदास के पदों को अपने संगीत में पिरोया। उन्होंने गुरबानी के अलावा गजल और भजन भी गाए। 2003 में वडाली बंधुओं की बॉलीवुड में एंट्री हुई। फिल्म पिंजर में उन्होंने गुलजार का लिखा गाना गाया। इसके अलावा उन्होंने धूप, तमिल फिल्म चिक्कू बुक्कु, तनु वेड्स मनु और मौसम फिल्म के लिए भी गाने गाए। 2005 में भारत सरकार ने पूरनचंद वडाली को पद्मश्री से सम्मानित किया।
तू माने या न माने दिलदारा
वडाली ब्रदर्स ने एक से बढ़कर एक सूफी गाने गाए। ‘तू माने या न माने दिलदारा, असां तो तेनू रब मनया...’ हमेशा हिट रहा है। आज भी ये यूट्यूब पर खूब देखा और सुना जाता है। खासतौर पर युवाओं में उनका ये गीत बहुत पसंद किया जाता है। हाल ही में लोगों की गुजारिश पर वडाली ब्रदर्स ने इस गाने में कुछ नए अंतरे और ठुमरी के अंश जोड़े थे। इसके अलावा दमा दम मस्त कलंदर और आवां भी उनके हिट नंबर्स थे।