Edited By Updated: 12 May, 2017 11:24 PM
केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह की उत्तर क्षेत्र परिषद की बैठक सम्पन्न हुई।
चंडीगढ़(भुल्लर): देश में अंतर्राज्यीय मुद्दों पर चर्चा के लिए केंद्र सरकार द्वारा गठित 5 काऊंसिलों की 28वीं बैठक चंडीगढ़ में हुई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने की और पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह उप-चेयरमैन रहे।
बैठक में मुख्य तौर पर पंजाब-हरियाणा के बीच चल रहे एस.वाई.एल. नहर निर्माण विवाद पर बात हुई और बातचीत के जरिए मुद्दे को सुलझाने पर दोनों प्रदेशों में सहमति बनी। मामला सुप्रीमकोर्ट में है, इस कारण इस पर ज्यादा चर्चा नहीं हुई, लेकिन दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री इस बात पर सहमत थे कि इस विवाद को अदालत के बाहर बातचीत से सुलझाने के प्रयास होने चाहिएं। कै. अमरेंद्र सिंह ने कहा कि बातचीत के प्रयास जारी रखे जाएं और अगर फिर भी कोई परिणाम न निकले तो इसे अदालत पर ही छोड़ देना चाहिए।
हरियाणा के मुख्यमंत्री खट्टर ने भी कै. अमरेंद्र के विचारों का पूरी तरह समर्थन करते हुए बातचीत के रास्ते को ही सही माना। दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री व मुख्य सचिवों के स्तर पर बातचीत जारी रखने के अलावा केंद्रीय जल संसाधन मंत्रालय को भी आग्रह किया गया कि वह दोनों राज्यों की जल्द ही बैठक बुलाए। बैठक में सभी राज्यों के प्रतिनिधि इस बात पर सहमत थे कि नशों का मामला सिर्फ पंजाब का ही नहीं बल्कि अन्य साथ लगते राज्यों में भी समस्या गंभीर है। सभी राज्य नशों के खिलाफ आपसी तालमेल से संयुक्त अभियान चलाने के लिए भी सहमत हुए हैं। पंजाब ने कहा कि घग्गर व सतलुज दरिया के गंदे पानी से पैदा हो रहे प्रदूषण के समाधान के लिए 3 वर्षों में सीवरेज ट्रीटमैंट प्लांटों को 100 प्रतिशत मुकम्मल किया जाएगा।
पंजाब के मुख्य सचिव ने बताया कि पंजाब ने शाहपुर कंडी डैम प्रोजैक्ट का मामला भी उठाया है। जम्मू-कश्मीर के साथ 3 मार्च को हुए समझौते पर प्रसन्नता व्यक्त की गई। इस मामले में जम्मू-कश्मीर के उप-मुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह ने कहा कि वह समझौते पर कार्रवाई के लिए पूरा सहयोग देंगे। पंजाब ने उम्मीद जताई है कि अगर ऐसा होता है तो 2004 से बंद पड़ा शाहपुर कंडी डैम प्रोजैक्ट फिर शुरू हो सकेगा।
बैठक में पंजाब की ओर से मुख्यमंत्री कै. अमरेंद्र सिंह व वित्त मंत्री मनप्रीत बादल, हरियाणा की ओर से मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर शामिल हुए। चंडीगढ़ के प्रशासक वी.पी. सिंह बदनौर, दिल्ली के लै. जनरल अनिल बैजल, पर्यावरण मंत्री अनिल दवे, जम्मू-कश्मीर के उप-मुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह, हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री ठाकुर कौल सिंह तथा राजस्थान की ओर से जल संसाधन मंत्री डा. राम प्रताप उपस्थित थे।
कश्मीरियों के लिए सुगम वातावरण बनाया जाए: राजनाथ
चंडीगढ़ : केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने राज्यों के मुख्यमंत्रियों को सलाह दी कि अपने राज्यों में कश्मीरी छात्रों और कर्मचारियों के लिए सुगम माहौल सुनिश्चित करें। राजनाथ सिंह ने सभी मुख्यमंत्रियों और मुख्य सचिवों को सलाह दी कि उन्हें कश्मीर के युवकों का ध्यान रखना चाहिए, जहां भी वे पढ़ रहे हैं। उनके साथ अच्छा बर्ताव होना चाहिए और उन्हें महसूस होना चाहिए कि उनका स्वागत किया जा रहा है।