Edited By Punjab Kesari,Updated: 02 Nov, 2017 09:25 AM
पंजाब में मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय एक महिला को 2 साथियों सहित गिरफ्तार करके एस.टी.एफ. ने 385 ग्राम हैरोइन बरामद की है।
लुधियाना/ लाडोवाल (पंकज/ अनिल): पंजाब में मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय एक महिला को 2 साथियों सहित गिरफ्तार करके एस.टी.एफ. ने 385 ग्राम हैरोइन बरामद की है। जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपए है। नशा तस्करी में महिलाओं की संलिप्तता के मामलों में तेजी से हो रही वृद्धि समाज को हैरान करने वाली है।
एस.टी.एफ. के इंचार्ज सब-इंस्पैक्टर हरबंस सिंह ने बताया कि एस.आई. जसपाल सिंह व ए.एस.आई. सुखदेव सिंह पर आधारित पुलिस पार्टी जब राहों रोड पर स्थित गांव जगीरपुर समीप पहुंची तो वहां अपने साथी संग खड़ी महिला पुलिस को देखकर घबरा गई व दोनों भाग निकले। उनकी इस हरकत पर पुलिस ने पीछा करके उन्हें काबू कर लिया।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम पूजा उर्फ नेहा (37) पत्नी विजय कुमार निवासी हरिद्वारा व साथी की पहचान दविंद्रपाल सिंह उर्फ दमन (24) निवासी एकता कालोनी एस.बी.एस. नगर के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने महिला कांस्टेबल की सहायता से जब पूजा के हाथ में पकड़े पर्स की तलाशी ली तो उसमें 360 ग्राम व दमन के पास से 5 ग्राम हैरोइन बरामद हुई। दोनों ने पूछताछ के दौरान बताया कि बरामद हैरोइन उन्होंने गुरदीप सिंह मंगा (40) गांव भामियां खुर्द लुधियाना से होलसेल दाम पर खरीदी थी। इस सूचना के आधार पर पुलिस पार्टी ने आरोपी गुरदीप मंगा को उस समय काबू किया, जब वह एक्टिवा पर 20 ग्राम हैरोइन लेकर जा रहा था।
पूजा पर पहले भी दर्ज है मामला
हरबंस सिंह ने बताया कि आरोपी पूजा लंबे समय से हैरोइन तस्करी का धंधा कर रही थी, जिसे दिल्ली पुलिस ने भी नशा तस्करी का मामला दर्ज करके गिरफ्तार किया था। आरोपी छूटते ही पुन: इसी धंधे में सरगर्म हो गई। महिला खुद भी नशा करने की आदी है।
पी.जी. में ड्यूटी करता था दमन
जेल से छूटने के उपरांत पूजा ने जिस पी.जी. में कमरा किराए पर लिया था, वहां दमन बतौर केयर टेकर काम करता था। जहां उसकी मुलाकात पूजा से होने लगी व उसने उसे भी धंधे में धकेल दिया।
मंगा पर भी दर्ज है मामला
पूजा को हैरोइन की खेप देने वाला मंगा हौजरी का काम करता है और लुधियाना से स्वैटर खरीदकर यू.पी. में सप्लाई करता था, जिस पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। आरोपी दिल्ली के एक नाइजीरियन से हैरोइन खरीदकर लाया था।
महिला के पास से हैरोइन पकड़ी
लुधियाना (पंकज): एक्टिवा सवार महिला की चैकिंग के दौरान फोकल प्वाइंट पुलिस को उसके पास से हैरोइन मिली है। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी महिला की पहचान सर्बजीत कौर पत्नी हरप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जोकि मॉडल टाऊन एरिया में रहती है।