Edited By Updated: 15 Jun, 2016 07:16 PM
आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सुखपाल सिंह खैहरा ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कैप्टन अमरिन्दर सिंह पर 84 के सिख कत्लेआम....
जालंधर: आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सुखपाल सिंह खैहरा ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कैप्टन अमरिन्दर सिंह पर 84 के सिख कत्लेआम के दोषियों का बचाव करने का आरोप लगाया। खैहरा ने आज संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आम आदमी पार्टी सिंह द्वारा 84 दंगे के पिछले 32 वर्षों में ठीक से जांच नहीं किए जाने का हवाला देकर कमलनाथ को निर्दाेष बताए जाने को नकारती है।
उन्होंने सवाल उठाया कि कैप्टन किस अधिकार से कमलनाथ और जगदीश टाईटलर को निर्दोष करार दे सकते हैं। खैहरा ने कहा कि सब जानते हैं कि नानावटी आयोग ने दिल्ली में सिखों के कत्लेआम में कमलनाथ पर भी ऊंगली उठाई थी। इस मामले में दो प्रत्यक्षदर्शियों ने भी कमलनाथ के खिलाफ बयान दर्ज करवाए थे।
उन्होंने बताया कि पत्रकार संजय सूरी ने 1985 में रंगनाथन मिश्रा आयोग के समक्ष शपथपत्र देकर कहा था कि 84 मे दंगे के समय कमलनाथ घटना स्थल पर मौजूद थे। उन्होंने बताया कि कमलनाथ लगभग चार हजार लोगों की भीड़ का नेतृत्व कर रहे थे, जिसने गुरूद्वारा रकाबगंज में आग लगाई थी। इस घटना में दो सिखों की जल कर मौत हो गई थी। खैहरा ने कहा कि सिंह मुख्यमंत्री बनने की चाहत पर खतरा महसूस होने के कारण कमलनाथ का बचाव कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वास्तव में कमलनाथ का बचाव कर सिंह जगदीश टाईटलर, सज्जन कुमार, एच. के. एल. भगत आदि को बचाने की कांग्रेस की पुरानी नीति को दोहरा रहे हैं। उन्होने कहा कि केन्द्र में कांग्रेस की सरकारों की वजह से ही आज तक सिखों को इंसाफ नहीं मिला है। उन्होंने राहुल और सोनिया गांधी के इशारे पर सिंह के अपनाए सिख विरोधी रुख के लिए सार्वजनिक माफी की भी मांग की।