Edited By Updated: 05 Feb, 2016 01:28 PM
लोकसभा चुनाव में नरेन्द्र मोदी तथा बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार की नैया पार लगाने वाले चुनावी....
जालंधर (धवन): लोकसभा चुनाव में नरेन्द्र मोदी तथा बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार की नैया पार लगाने वाले चुनावी विशेषज्ञ प्रशांत किशोर की पंजाब विधानसभा के 2017 में होने वाले आम चुनावों में कांग्रेस के लिए सेवाएं लेने बारे अब अंतिम फैसला कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी लेंगे।
प्रशांत किशोर के साथ पंजाब कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कैप्टन अमरेन्द्र सिंह की अब तक 2 बैठकें हो चुकी हैं जिसमें चुनावी अभियान का प्रबंधन करने बारे चर्चाएं हुई थीं। बताया जाता है कि कैप्टन को प्रशांत किशोर ने कांग्रेस के लिए कार्य करने हेतु सकारात्मक जवाब दिया था।
कैप्टन द्वारा अब प्रशांत किशोर के मामले में राहुल गांधी के साथ चर्चा की जाएगी। राहुल गांधी को पंजाब के साथ उत्तर प्रदेश के होने वाले विधानसभा चुनावों बारे भी निर्णय लेना है। राहुल पंजाब व उत्तर प्रदेश दोनों के संदर्भ में निर्णय लेंगे। पंजाब के नौजवानों को कांग्रेस से जोडऩे के लिए कैप्टन अमरेन्द्र सिंह द्वारा अब पार्टी के सोशल मीडिया नैटवर्क को मजबूत बनाया जा रहा है। इसके लिए जल्द ही चंडीगढ़ में वॉर रूम स्थापित करने की भी योजना है।
कांग्रेस के सोशल मीडिया वॉर रूम का संचालन कैप्टन के पोते निरवान सिंह तथा विधायक केवल ढिल्लों के पुत्र करण ढिल्लों के हाथों में रहेगा। प्रत्येक जिले में वालंटियर्स की सेवाएं ली जाएंगी। कुल मिलाकर सोशल मीडिया अभियान की देखरेख तो कैप्टन के हाथों में ही रहेगी।
कांग्रेस युवा मतदाताओं को पार्टी के साथ इसलिए जोडऩा चाहती है ताकि वह आम आदमी पार्टी की तरफ न जाएं इसलिए कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने पिछले कुछ दिनों से युवाओं के साथ बैठकें तेज कर दी हैं। वह आने वाले दिनों में विभिन्न शहरों में जाकर कालेज जाने वाले युवा छात्र-छात्राओं के साथ मिलने का कार्यक्रम भी बना रहे हैं। कांग्रेस के विचारकों का मानना है कि उसका विधानसभा चुनावों में मुख्य मुकाबला अकाली-भाजपा गठबंधन की बजाय आम आदमी पार्टी से होगा इसलिए आने वाले दिनों में कांग्रेस द्वारा दिल्ली में केजरीवाल सरकार की विफलताओं को पंजाब में उजागर करने की भी योजना तैयार की गई है।