Edited By Punjab Kesari,Updated: 31 Jan, 2018 08:18 AM
शहर में चल रहे 2 सेवा केन्द्रों के बिजली बिल न देने के चलते पी.एस.पी.सी.एल. विभाग की ओर से दोनों सेवा केन्द्रों के बिजली के कनैक्शन काट दिए गए हैं जिसके कारण काम करवाने आते लोगों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है और अब दोनों सेवा केन्द्र...
गोराया(मुनीश): शहर में चल रहे 2 सेवा केन्द्रों के बिजली बिल न देने के चलते पी.एस.पी.सी.एल. विभाग की ओर से दोनों सेवा केन्द्रों के बिजली के कनैक्शन काट दिए गए हैं जिसके कारण काम करवाने आते लोगों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है और अब दोनों सेवा केन्द्र जैनरेटरों से बिजली की सप्लाई चला रहे हैं। इनके पास डीजल भी करीब समाप्त था लेकिन विभाग की ओर से 40 लीटर के करीब एक सेवा केन्द्र को जैनरेटर के लिए डीजल भेज दिया है।
शहर की पानी वाली टंकी ट्यूबवैल नंबर-2 पर बने सेवा केन्द्र के बिजली के बिल का बकाया करीब 95 हजार रुपए बताया जा रहा है, जबकि अनाज मंडी गोराया में बने सेवा केन्द्र के बिजली के बिल का बकाया 88 हजार रुपए के करीब है जो करीब 6 महीनों का विभाग की ओर बकाया बताया जा रहा है। सेवा केन्द्र की ओर से बिल जमा न करवाने के चलते बिजली विभाग ने उनके कनैक्शन 2 जनवरी को काट दिए थे जो आज तक बंद हैं।
सेवा केन्द्र के सुपरवाइजर से सम्पर्क करने पर उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने ऊपर अधिकारियों को बता दिया था। जिनकी ओर से पी.एस.पी.सी.एल. विभाग को लिखित में भेजा गया है। वहीं बड़ा पिंड रोड अनाज मंडी में बने दूसरे सेवा केन्द्र की बात की जाए तो वह तो रामभरोसे ही चल रहा है, जिसका बिजली के बिल का बकाया 88 हजार रुपए है। जहां न तो सुपरवाइजर है और न ही वहां मौजूद कर्मचारियों को कोई पूछने वाला है, जो अपनी मनमर्जी से आते व चले जाते हैं।
एक ही सेवा केन्द्र में बनाए जा रहे हैं आधार कार्ड
सरकार की ओर से आधार कार्ड को हर काम के लिए जरूरी कर दिया गया है जो अब सिर्फ सेवा केन्द्रों में ही बनाए जा रहे हैं जिसके लिए विदेशों से आए एन.आर.आई. व आम लोगों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। शहर में 2 सेवा केन्द्र होने के बावजूद अनाज मंडी वाले सेवा केन्द्र में ही आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं ।
हालात यह बने हुए हैं कि 9 बजे सेवा केन्द्र खुलने का समय है लेकिन आधार कार्ड बनवाने वाले उपभोक्ता सुबह 6 बजे ही लाइनों में लगे होते हैं जिन्हें टोकन दिए जाते हैं और एक दिन में करीब 20-25 के करीब टोकन दिए जाते हैं। इस बाबत जब ट्यूबवैल नंबर 2 पानी वाली टंकी पर बने सेवा केन्द्र के सुपरवाइजर लक्की से सम्पर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि 8 जनवरी को आधार कार्ड बनाने वाले कर्मचारी की बदली हो गई थी जिसके बाद यहां कोई कर्मचारी नहीं लगाया गया। इसी के चलते इस सेवा केन्द्र में आधार कार्ड नहीं बनाए जा रहे।
अनाज मंडी में 2 महीनों से नहीं लगाया गया कोई सुपरवाइजर
अनाज मंडी में बने सेवा केन्द्र की बात की जाए तो वहां तैनात सुपरवाइजर संजीव की बदली 30 नवम्बर की हुई है तब से आज तक सेवा केन्द्र की सुपरवाइजर की सीट खाली है जहां अभी तक कोई सुपरवाइजर नहीं लगाया गया। काम करवाने आते लोगों ने बताया कि वहां कर्मचारी अपनी मनमर्जी से आते हैं और शाम को भी सेवा केन्द्र के बंद होने के समय से पहले ही चले जाते हैं।