Edited By Punjab Kesari,Updated: 25 Feb, 2018 11:39 AM
नगर निगम की परिधि में शामिल हुए बाहरी वार्ड नं. 19 के मामून निवासियों व कांग्रेसियो ने लंबे समय से पेयजल किल्लत के विरोध में स्वर मुखर करते हुए डिफैंस रोड पर लंबे समय तक चक्का जाम किया। नगर निगम प्रशासन के विरुद्ध मोर्चा खोलने वालों में महिलाएं भी...
पठानकोट/मामून (शारदा, आदित्य): नगर निगम की परिधि में शामिल हुए बाहरी वार्ड नं. 19 के मामून निवासियों व कांग्रेसियो ने लंबे समय से पेयजल किल्लत के विरोध में स्वर मुखर करते हुए डिफैंस रोड पर लंबे समय तक चक्का जाम किया। नगर निगम प्रशासन के विरुद्ध मोर्चा खोलने वालों में महिलाएं भी भारी संख्या में शामिल हुईं। वहीं निगम प्रशासन की ढिलमुल कार्यप्रणाली के खिलाफ व मेयर तथा डिप्टी मेयर के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों की अगुवाई पूर्व सरपंच वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ज्ञानबीर काडा ने की तथा पेयजल किल्लत को लेकर निगम के सिर ठीकरा फोड़ा। उन्होंने कहा कि मेयर व डिप्टी मेयर कांग्रेसी क्षेत्रों में पेयजल किल्लत की समस्या को हल नहीं कर रहे हैं, सिर्फ भाजपा पार्षदों के वार्डों में ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मेयर व उनके भाजपा पार्षद कांग्रेसियों को प्रताडित कर रहे हैं। राज्य में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद भाजपा के कहने पर निगम प्रशासन कार्य कर रहा है, जबकि कांग्रेसियों को हाशिए पर डाला जा रहा है। इस समस्या को लेकर कई बार निगम प्रशासन व मेयर तथा डिप्टी मेयर को अवगत करवाया गया है परंतु स्थिति में लंबे समय तक कोई सुधार नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि मेयर व डिप्टी मेयर दखल न देकर राजनीति कर रहे हैं तथा जानबूझकर जनता से जुड़े कार्य यहां तक कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा से भी कांग्रेसी क्षेत्रों को वंचित रखा जा रहा है। पेयजल सप्लाई को लेकर कुप्रबंधन की स्थिति भाजपा नीत नगर निगम बनाए हुए है तथा पेयजलापूॢत करने वाली पाइपों में वॉल्व इस तरह से दिशा बदलकर रखे जाते हैं कि कांग्रेसी क्षेत्र की जनता को कम सप्लाई होती है तथा कई घर पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समस्या का समाधान तुरंत नहीं हुआ तो मेयर के घर का घेराव करके बड़ा मोर्चा खोला जाएगा।
प्रदर्शनकारियों में किशन प्रधान, पवन कुमार, तिलक राज, शमशेर सिंह, प्रभदयाल, अशोक कुमार, रीना, मधु, सुदेश, मंजुला, कपिला, शकुंतला आदि ने पंप आप्रेटर की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आप्रेटर को अभी समझ नहीं है जिसके कारण पानी की सप्लाई सही नहीं हो पा रही है। ऐसे में अनुभवी ऑप्रेटर लगाया जाए। वहीं मौके पर पहुंचे डिप्टी मेयर वीना परमार के पति एवं वरिष्ठ भाजपा नेता रवि परमार ने कहा कि पेयजल किल्लत की समस्या मोटर में तकनीकी खराबी के कारण है तथा इसमें किसी भी प्रकार की राजनीति नहीं की जा रही है। पेयजल मुहैया करवाने के लिए खराब हुई मोटर दुरुस्त कर दी गई है तथा हर हाल में पेयजल उपलब्ध करवाना सुनिश्चित बनाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त वाल्व को लेकर कुछ प्राब्लम है, उसे भी शीघ्र ठीक कर दिया जाएगा।