Edited By swetha,Updated: 09 Dec, 2018 01:38 PM
पठानकोट नगर निगम के खिलाफ आज वार्ड नं-47 (कोठी पंडितां) के लोगों ने रोष प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। पूर्व सरपंच जनक राज के नेतृत्व में रोष प्रदर्शन करते हुए राकेश कुमार, रोशन लाल, मिश्री लाल, सुभाष कुमार, गुलशन कुमार, राज पाल, भोलू राम, सोनू,...
पठानकोट(कंवल): पठानकोट नगर निगम के खिलाफ आज वार्ड नं-47 (कोठी पंडितां) के लोगों ने रोष प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। पूर्व सरपंच जनक राज के नेतृत्व में रोष प्रदर्शन करते हुए राकेश कुमार, रोशन लाल, मिश्री लाल, सुभाष कुमार, गुलशन कुमार, राज पाल, भोलू राम, सोनू, विशाल कुमार, कस्तूरी लाल, मंगत राम, राम दयाल, हरि राम, मोहन लाल आदि ने कहा कि जब कोठी पंडितां ग्राम पंचायत थी तब ऐसी चोरी आदि की परेशानियों से नहीं गुजरना पड़ता था।
2011 में कोठी पंडितां को पठानकोट नगर निगम में ले लिया गया और इसे वार्ड नं-47 का दर्जा दिया गया। उन्होंने कहा कि गांव कोठी पंडितां को नगर निगम का दर्जा तो दे दिया गया, मगर नगर निगम प्रशासन सुविधाएं उपलब्ध कराना ही भूल गया। उन्होंने कहा कि आज तक यहां निगम द्वारा स्ट्रीट लाइटें तक नहीं लगाई गई हैं। यही कारण है कि रात के अंधेरे में चोरों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। आए दिन इस क्षेत्र में चोर धावा बोल देते हैं और जो हाथ लग जाए लोगों के घरों से चुरा कर ले जाते हैं।
निगम से अलग होने के लिए संघर्ष करने की चेतावनी
लोगों ने नगर निगम पठानकोट के खिलाफ अपना गुस्सा निकालते हुए कहा कि क्या नगर निगम पठानकोट ने केवल अधिक टैक्स वसूलने के लिए ही हमारे गांव की पंचायत भंग कर इसे निगम का हिस्सा बनाया था। उन्होंने कहा कि यदि कोठी पंडितां को मूलभूत सुविधाओं से वंचित ही रखना है तो हमें नगर निगम पठानकोट से अलग किया जाए ताकि हम अपनी पुन: ग्राम पंचायत बना सकें। लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि नगर निगम का कोठी पंडितां के लिए इसी प्रकार का रवैया रहा तो लोग सामूहिक तौर पर निगम से अलग होने के लिए संघर्ष करने के लिए मजबूर होंगे।