Edited By Punjab Kesari,Updated: 08 Jan, 2018 02:07 PM
गांव भोतना निवासी किसान कुलवंत सिंह का नाम कर्जमाफी की लिस्ट में शामिल पाया गया है। जानकारी के अनुसार उक्त किसान ने शुक्रवार, शनिवार रात फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी। थाना टल्लेवाल के प्रभारी इंसपेक्टर कुलदीप सिंह का कहना है कि सरकार की सूचि में मृतक...
बरनालाः गांव भोतना निवासी किसान कुलवंत सिंह का नाम कर्जमाफी की लिस्ट में शामिल पाया गया है। जानकारी के अनुसार उक्त किसान ने शुक्रवार, शनिवार रात फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी। थाना टल्लेवाल के प्रभारी इंसपेक्टर कुलदीप सिंह का कहना है कि सरकार की सूचि में मृतक किसान कुलवंत सिंह का नाम शामिल है जिन लोगों ने उसे खुदकशी करने पर विवश किया है उन लोगों को शिकंजे में लिया जाएगा।
101वें नंबर पर था कुलवंत सिंह का नाम
उल्लेखनीय है कि पंजाब सरकार की कर्ज माफी की आनलाइन सूची में मृतक कुलवंत सिंह का नाम 101वें नंबर पर दर्ज है। उस पर कोआपरेटिव बैंक का मात्र 57330 रुपये कर्ज अंकित है। खुदकुशी करने वाले कुलवंत सिंह पुत्र नाहर सिंह के बारे में कहा गया था कि उसका नाम कर्ज माफी सूची में शामिल नहीं था। जिसके चलते उसने खुदकशी कर ली थी।
भारतीय किसान युनियन एकता (उगराहां) के ब्लाक प्रधान सुखदेव सिंह भोतना ने कहा है कि किसान सरकार की नीतियों के कारण खुदकुशी कर रहे है। उन्होंने शंका जाहिर की है कि सरकार ने जो कर्ज माफी सूची तैयार की है उसमें लंबी चौड़ी जमीनों वाले किसानों के तो कर्ज माफ कर दिए गए हैं और कुलवंत सिंह जैसे अनेकों जरूरतमंद किसानों के नाम गायब ही कर दिए हैं।
क्या कहना है बैंक प्रबंधकों का
सैंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के प्रबंधकों ने कहा है कि कर्ज माफी योजना के तहत ढाई से पांच एकड़ वाले किसानों को दो लाख तक का कर्ज माफ किया गया है। यह बात बैंक मैनेजर राजवंत सिंह ने गांव कट्टू में किसानों को जागरूक करने के लिए आयोजित की गई बैठक दौरान कही। उन्होंने कहा कि सरकार के आदेशों के बारे में समय-समय पर किसानों को अवगत करवाया जाता रहा है और आगे भी कराया जाएगा।