Edited By Punjab Kesari,Updated: 15 Jul, 2017 10:22 AM
भाजपा के जिलाध्यक्ष रमेश शर्मा ने घोषणा की है कि आगामी नगर निगम चुनावों हेतु भाजपा तैयार है, चाहे अगले महीने चुनाव करवा लिए जाएं।
जालंधर (खुराना): भाजपा के जिलाध्यक्ष रमेश शर्मा ने घोषणा की है कि आगामी नगर निगम चुनावों हेतु भाजपा तैयार है, चाहे अगले महीने चुनाव करवा लिए जाएं। आज एक विशेष भेंट में शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने 4 महीनों में कुछ नहीं किया जो बता सकने लायक हो इसलिए कांग्रेसी निगम चुनावों से भाग रहे हैं और प्लानिंग बना रहे हैं कि कुछ करने के बाद ही चुनावों का सामना किया जाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में अमरेंद्र सिंह ने इन 4 महीनों में एक भी घोषणा ऐसी नहीं की जिससे राज्य की जनता को कोई राहत मिली हो। दूसरी तरफ यू.पी. के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कितनी तेजी से काम कर रहे हैं यह सबको पता है। पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा संगठन पूरे 12 महीने काम करता है और उसे चुनावों का फिक्र नहीं रहता। भाजपा के सभी मोर्चे और सैल पूरी तरह गठित हैं तथा सबसे ज्यादा कार्यकत्र्ता भी इस समय भाजपा के पास हैं। किसी अन्य पार्टी संगठन ने अभी चुनावी रूपरेखा नहीं बनाई जबकि बतौर पार्टी प्रधान उन्होंने पिछले 6 दिनों में सभी 60 वार्डों में सम्पर्क करके कार्यकत्र्ताओं से सीधे रूप से संवाद किया है और उनका फीडबैक प्राप्त किया है कि भाजपा में कमी कहां रही?
उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यक्रम केंद्र या प्रदेश स्तर पर तय होकर आते हैं और स्थानीय कार्यक्रम भी उनमें जुड़ जाते हैं। पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि दिल्ली की तर्ज पर निगम चुनावों में पार्टी प्रत्याशी बदले जाने हैं या वहीं रखे जाने हैं। यह फैसला हाईकमान करेगी। उन्होंने कहा कि चाहे 60 वार्डों में चुनाव हो या 75 में, भाजपा की तैयारी पूरी है, जो थोड़ी-बहुत रह गई है वह अगले दिनों में पूरी हो जाएगी। दूसरी ओर कांग्रेस सरकार ने अभी तक सिवाय आश्वासनों, घोषणाओं तथा तबादलों के अलावा कुछ नहीं किया इसलिए कांग्रेसी वोटरों का सामना करने से डर रहे हैं। मुख्यमंत्री अमरेंद्र सिंह ने खुद कपूरथला रोड पर आकर धरना दिया था परन्तु 4 महीने बीत जाने के बाद उन्होंने इस मामले को बिल्कुल इग्नोर किया और किसी केंद्रीय मंत्री से बात तक नहीं की।