Edited By Updated: 26 Apr, 2017 10:20 AM
गांव बलालों में जमीन को लेकर हुए विवाद में 2 पक्षों के मध्य खूनी संघर्ष होने का मामला सामने आया है। इसमें दोनों गुटों के कुल 5 लोग गम्भीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि कुछ लोगों को मामूली चोटें लगी हैं।
फगवाड़ा(जलोटा):गांव बलालों में जमीन को लेकर हुए विवाद में 2 पक्षों के मध्य खूनी संघर्ष होने का मामला सामने आया है। इसमें दोनों गुटों के कुल 5 लोग गम्भीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि कुछ लोगों को मामूली चोटें लगी हैं।घायलों की पहचान सोमलाल, सुनीता रानी पत्नी रेशम लाल, आशा रानी पत्नी सोम लाल निवासी गांव माणका, रणजीत सिंह पुत्र पूरन सिंह वासी मागट व तरसेम सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह वासी गांव डींगरिया के रूप में हुई है, को रक्त रंजित हालत में उपचार हेतु सिविल अस्पताल लाया गया है। समाचार लिखे जाने तक गांव बलालों में दोनों पक्षों में हुए खूनी संघर्ष को लेकर भारी तनाव बना हुआ था।
पीड़िता आशा रानी ने बताया कि उनकी जमीन गांव बलालों में है। उक्त जमीन संबंधी कोर्ट केस वह पिछले समय में जीत चुके हैं, लेकिन कुछ लोग केस हारने कारण उनसे रंजिश रखते हैं। वह अपने पति सोम लाल व जेठानी सुनीता के साथ जमीन को देखने के लिए गई थी। इसी दौरान वहां पर 2 दर्जन से अधिक हमलावर युवकों की टोली जिसे उनका विरोधी पक्ष कथित तौर पर तेजधार हथियारों से लैस करवा कर लाया था, ने उन पर हमला कर दिया जिससे वह व उसके अन्य परिजन घायल हो गए।वहीं दूसरे पक्ष के घायलों रणजीत सिंह व तरसेम सिंह जो खुद सिविल अस्पताल में भर्ती हैं, ने विरोधी पक्ष के लोगों द्वारा लगाए जा रहे सभी आरोपों को तथ्यहीन करार देते हुए कहा कि वे अपने खेतों में तूड़ी बनाने का काम कर रहे थे।
इस दौरान विरोधी पक्ष के सोम लाल व उनके साथियों ने उन पर हमला कर दिया, जिस कारण वे घायल हो गए। जमीन का केस जीतने का जो दावा विरोधी पक्ष कर रहा है वह झूठा है, क्योंकि उसी जमीन संबंधी अदालत ने स्टे ऑर्डर जारी किया हुआ है। इस संबंधी पुलिस थाना सदर के एस.एच.ओ. लखबीर सिंह ने कहा कि विवाद का केंद्र बनी हुई जमीन को लेकर अदालत द्वारा स्टे ऑर्डर जारी किया गया है। पुलिस ने विवाद में शामिल दोनों पक्षों के लोगों पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया है।