Edited By Updated: 21 Nov, 2015 12:49 PM
विश्व भर में आई.एस.आई.एस. की आतंकी गतिविधियों पर पटियाला का मुस्लिम भाईचारा भड़क उठा है।
पटियाला (बलजिन्द्र): विश्व भर में आई.एस.आई.एस. की आतंकी गतिविधियों पर पटियाला का मुस्लिम भाईचारा भड़क उठा है। मुस्लिम भाईचारे ने आज जुम्मे की नमाज पर जहां इन घटनाओं पर दुख प्रकट किया, वहां अल-मुस्लिम-ए-पंजाब के प्रधान मूसा खान के नेतृत्व में प्रदर्शन भी किया।
मूसा खान ने कहा कि पूरे विश्व में इस्लाम के नाम पर हो रहे कत्लेआम के खिलाफ समूचे मुस्लिम भाईचारे में रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि इस्लाम के नाम पर बेगुनाहों का कत्ल करने वाले आतंकवादी मुसलमान नहीं हो सकते। ऐसे लोग तो मनुष्य ही नहीं बल्कि इंसानियत के नाम पर धब्बा हैं।
उन्होंने कहा कि इस्लाम में यह कहीं भी दर्ज नहीं है कि इस्लाम के नाम पर बेगुनाहों का कत्ल किया जाए। आतंकवादियों की तरफ से जेहाद के नाम पर जो कत्लेआम किया जा रहा है, वह पूर्ण तौर पर इस्लाम विरोधी है और इस्लाम में अकीदा रखने वाले हर मुसलमान का फर्ज बनता है कि वह ऐसी कार्रवाइयों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करे।
उन्होंने कहा कि मासूमों की कब्र पर चढ़ कर कभी जन्नत नसीब नहीं होती। इन घटनाओं से मुसलमान भाईचारा समूचे विश्व में बदनाम हो रहा है और आम लोगों में मुसलमानों की सोच प्रति गलत संदेश जाता है। मूसा खान ने ऐलान किया कि वह आतंकवादी घटनाओं को रोकने में सरकार और कानूनी एजैंसियों का पूर्ण सहयोग करेंगे।