Edited By Updated: 23 Oct, 2016 03:26 PM
तलाकशुदा महिला को बहला-फुसला कर एक व्यक्ति ने अपने जाल में फंसा लिया और शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। आरोपी ने महिला की मजबूरी का फायदा उठाते हुए लाखों रुपए व सोने के जेवर भी ले लिए। महिला ने उस पर विश्वास कर अपना सब कुछ लुटा दिया।
लुधियाना(सलूजा): तलाकशुदा महिला को बहला-फुसला कर एक व्यक्ति ने अपने जाल में फंसा लिया और शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। आरोपी ने महिला की मजबूरी का फायदा उठाते हुए लाखों रुपए व सोने के जेवर भी ले लिए। महिला ने उस पर विश्वास कर अपना सब कुछ लुटा दिया।
पीड़ित महिला का विश्वास उस समय टूट गया जब आरोपी ने शादी करने से इंकार कर दिया। पुलिस के अनुसार पीड़िता ने शिकायत दी कि उसकी शादी साल 2004 में हुई थी और उसकी एक बेटी है। ससुरालियों से झगड़े के चलते उसका साल 2010 में अपने पति से तलाक हो गया। आपसी समझौते के बाद तलाक होने पर उसे सात लाख रुपए कैश और आठ तोले सोने के गहने मिले थे। तलाक के कुछ समय बाद उसकी अमर से जान-पहचान हुई, जिसने खुद को बड़ा बिजनेस मैन बताया और कहा कि वह उसके साथ शादी कर उसकी बेटी का भी ध्यान रखेगा।
इसके बाद अमर ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने शुरू कर दिए। उसने उसके नाम जगह खरीदने के बहाने चार लाख रुपए कैश लिए और उसके गहने भी फाइनांस कंपनी के पास गिरवी रख दिए। उसके कुछ समय बाद 3.82 लाख रुपए और ले लिए, लेकिन कोई जगह नहीं खरीदी। जब अमर को पता चल गया कि अब उसके पास सारे रुपए खत्म हो गए हैं तो उसने शादी करने से इंकार कर दिया। विरोध करने पर अमर उसे धमकियां देने लगा और उसके रुपए भी वापस करने से इंकार कर दिया। जांच में आरोप सही पाने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।