Edited By Punjab Kesari,Updated: 19 Dec, 2017 09:50 AM
होशियारपुर-फगवाड़ा मुख्य सड़क पर गत देर रात सिम्बली पैट्रोल पम्प के सामने किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार अरुण कुमार गोस्वामी (35) पुत्र बिहारी लाल निवासी गांव डल्लू जिला कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) की मौत हो गई वहीं उसके साथ बैठा राहुल...
होशियारपुर(अमरेन्द्र): होशियारपुर-फगवाड़ा मुख्य सड़क पर गत देर रात सिम्बली पैट्रोल पम्प के सामने किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार अरुण कुमार गोस्वामी (35) पुत्र बिहारी लाल निवासी गांव डल्लू जिला कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) की मौत हो गई वहीं उसके साथ बैठा राहुल पुत्र राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना मेहटियाना में तैनात ए.एस.आई. बलविन्दर सिंह पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे तथा दोनों बाइक सवार घायलों अरुण कुमार व राहुल को इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर तैनात डाक्टरों ने अरुण गोस्वामी को मृत घोषित कर दिया।
बाइक पर जा रहे थे लुधियाना
सिविल अस्पताल परिसर में मृतक अरुण गोस्वामी के परिजनों ने बताया कि अरुण गोस्वामी लुधियाना की एक निजी ऑटो कंपनी में काम करता था। रविवार को वह अपना काम खत्म कर राहुल के साथ लुधियाना लौट रहा था कि देर रात 9 बजे के करीब सिम्बली गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने बाइक (नं. पी.बी.10 जी.एच. 8652) को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से राहुल सड़क के किनारे जा गिरा वहीं अरुण सड़क के बीचों-बीच गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार अरुण का 3 साल पहले ही विवाह हुआ था। उसका डेढ़ साल का एक बेटा है।
क्या कहती है मेहटियाना पुलिस
शव का पोस्टमार्टम करवाने पहुंचे मामले के जांच अधिकारी ए.एस.आई. बलविन्दर सिंह ने बताया कि बाइक को टक्कर मारने के बाद अज्ञात चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने घायल राहुल के बयान के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ आई.पी.सी. की विभिन्न धाराओं 279, 337, 338, 427 व 304ए अधीन केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के पश्चात शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।