Edited By Punjab Kesari,Updated: 02 Sep, 2017 08:24 AM
हिमाचल प्रदेश में पंजाब के विधानसभा हलका खडूर साहिब के गांव फतेहाबाद की दलित लड़की के हुए कत्ल के संबंध में पुलिस ने 1 आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है
तरनतारन (रमन) : हिमाचल प्रदेश में पंजाब के विधानसभा हलका खडूर साहिब के गांव फतेहाबाद की दलित लड़की के हुए कत्ल के संबंध में पुलिस ने 1 आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है जबकि मृतका के परिजनों ने पुलिस पर आरोपियों को बचाने का आरोप भी लगाया है।
जानकारी के अनुसार बलजीत कौर (26) पुत्री बलविंद्र सिंह घर के पास माता कुलवंत देवा के मंदिर में जाती थी। 24 अगस्त को बलजीत कौर घर से मंदिर रवाना हुई और वापस नहीं लौटी। 2 दिन बाद हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा थाना देहरा की पुलिस ने एक युवती का शव बरामद किया। युवती की दोनों आंखें गायब थीं और गर्दन से तेजधार हथियार के माध्यम से मांस की बोटियां निकाली हुई थीं। पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू करते हुए तरनतारन के कस्बा फतेहाबाद में दबिश दी गई। हिमाचल पुलिस ने मंदिर की संचालिका कुलवंत देवा के ड्राइवर सुखविंद्र सिंह लल्ली को गिरफ्तार कर लिया। हिमाचल की पुलिस के अनुसार शव वाले स्थान के पास सी.सी.टी.वी. कैमरे की फुटेज के आधार पर आरोपी सुखविंद्र सिंह लल्ली की पहचान की गई है। आरोपी को कांगड़ा अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड लिया गया है।
पहले जाल में फंसाया, फिर की हत्या
मृतका बलजीत कौर के पिता बलविंद्र सिंह, मां चरण कौर, भाई गुरजंट सिंह, चाचा दीवान सिंह, कुलदीप सिंह ने आरोप लगाया कि सुखविंद्र सिंह लल्ली ने बलजीत कौर को अपने जाल में पहले फंसाया फिर उसकी हिमाचल प्रदेश लेजाकर साथियों की मदद से हत्या की। इस हत्याकांड में मंदिर की संचालिका कुलवंत देवा भी शामिल है। उन्होंने कहा कि हिमाचल पुलिस द्वारा पैसे के दबाव में आकर बाकी आरोपियों को बचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक उन्हें इंसाफ नहीं मिलता है वह चैन से नहीं बैठेंगे।
मुस्तैदी से की जा रही जांच : शर्मा
कांगड़ा पुलिस के डी.एस.पी. लालमन शर्मा ने कहा कि तरनतारन के फतेहाबाद निवासी बलजीत कौर का लहूलुहान शव बरामद होते ही पुलिस ने मुस्तैदी से जांच शुरू कर दी। हत्याकांड के पहले ही दिन आरोपी सुखविंद्र सिंह लल्ली को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर ले लिया गया है। इस हत्याकांड में यदि किसी और का नाम सामने आया तो कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अपनी ड्यूटी जिम्मेदारी से निभा रही है।