Edited By Updated: 15 Oct, 2016 10:48 AM
बस्ती शेख में शराब तस्करों द्वारा जे.ई. राज कुमार के बेटे मनीष की हत्या के मामले में पुलिस कमिश्नरेट पुलिस ने तेजी दिखाते हुए शराब तस्कर ...
जालंधर (शौरी): बस्ती शेख में शराब तस्करों द्वारा जे.ई. राज कुमार के बेटे मनीष की हत्या के मामले में पुलिस कमिश्नरेट पुलिस ने तेजी दिखाते हुए शराब तस्कर उजागर सिंह पुत्र अंतर सिंह, उसकी पत्नी निर्मल कौर उर्फ निम्मो तथा उनके नाबालिग बेटे दविंद्र सिंह उर्फ गोरू को गोइंदवाल जाकर एक धार्मिक स्थल से काबू किया है। पुलिस कमिश्नर अॢपत शुक्ला ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान साफ किया कि पुलिस जांच में पता चला है कि शराब तस्करी रोकने को लेकर मनीष लूथरा की हत्या नहीं की गई बल्कि शराब तस्कर उजागर सिंह के बेटे गोरू के साथ मनू कालड़ा नामक युवक का विवाद हुआ था।
उजागर सिंह ने खुलासा किया है कि मनू ने उसके बेटे को पीटा और जब वह उसके घर शिकायत करने अपनी पत्नी निम्मो के साथ गया तो महिलाओं में आपस में गाली-गलौच हुई। इसके बाद मनू का चाचा अपने दोस्त मनीष लूथरा के साथ उजागर सिंह को रास्ते में मिला तो उनमें बहसबाजी हुई। उजागर सिंह ने फोन कर विनोद पहाड़ी निवासी बस्ती गुजां को बुलाया। पहाड़ी कार में सवार होकर आया, उस समय उसके साथ 2-3 युवक भी थे। इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हुई। इसी बीच पहाड़ी ने कार से तेजधार हथियार निकाल लिए। उजागर सिंह ने पुलिस पूछताछ में कहा कि इस दौरान वह डर गया और एक गली में छिप गया। इसके बाद उसे पता चला कि उन्होंने मनीष पर तेजधार हथियारों से हमला किया और बाद में मनीष की मौत हो गई।
पुलिस कमिश्नर अर्पित शुक्ला ने बताया कि उजागर सिंह छोटा शराब तस्कर है और पहले से ही पुलिस ने उसका ट्रैप लगाकर रखा था ताकि उसे रंगे-हाथों काबू किया जाए। पुलिस ने उसे पहले भी कई बार गिरफ्तार किया है और उसके खिलाफ काफी केस दर्ज हैं। वारदात में प्रयोग किया गया छुरा गोरू से बरामद कर लिया गया है। गोरू छुरा डब में लगाकर घूम रहा था। मामले में वांछित अन्य हत्यारोपियों को भी पुलिस जल्द गिरफ्तार कर लेगी। पत्रकारवार्ता के दौरान ए.डी.सी.पी. सिटी 2 अमरीक सिंह पवार, ए.सी.पी. वैस्ट दलबीर सिंह व थाना-5 के एस.एच.ओ. जीवन सिंह भी मौजूद थे। हत्यारोपी पकड़े जाने के बाद पुलिस कमिश्नर के चेहरे पर मुस्कुराहट दिखाई दे रही थी और वह पुलिस अधिकारियों की पीठ थपथपा रहे थे।
वहीं ए.डी.सी.पी. पवार पुलिस फोर्स के साथ उजागर सिंह व उसके बेटे गोरू को लेकर जनक नगर बस्ती शेख की गलियों से पैदल ही निकले। इस दौरान लोग उजागर सिंह को कोसते नजर आए। बताया जा रहा है कि पवार ने उजागर सिंह के घर से वारदात में प्रयोग हुए तेजधार हथियार भी बरामद किए हैं। दूसरी तरफ नाबालिग होने के कारण गोरू को अदालत में पेश कर कोर्ट के आदेशों पर होशियारपुर बच्चों वाली जेल भेज दिया गया है। पुलिस को केस में पहाड़ी, अंकित, मनी आदि लोग वांछित हैं जिन्हें काबू करने के लिए पुलिस की स्पैशल टीमें कई स्थानों पर रवाना हो चुकी हैं और उनके परिजनों से पुलिस गहराई से पूछताछ कर रही है।