लेबनान से 12 साल बाद पंजाब लौट रहा व्यक्ति दुबई एयरपोर्ट से लापता, चिंता में परिवार

Edited By Kalash,Updated: 09 Aug, 2026 01:50 PM

punjabi man missing dubai airport

रोजी-रोटी की तलाश में करीब 12 साल पहले विदेश गए बेटे की घर वापसी का इंतजार कर रहे पुराना शाला के एक परिवार की खुशियां उस समय चिंता और बेचैनी में बदल गईं, जब लेबनान से दुबई के रास्ते भारत लौट रहा 35 वर्षीय भूपिंदर सिंह दुबई एयरपोर्ट से रहस्यमय...

गुरदासपुर (हरमन): रोजी-रोटी की तलाश में करीब 12 साल पहले विदेश गए बेटे की घर वापसी का इंतजार कर रहे पुराना शाला के एक परिवार की खुशियां उस समय चिंता और बेचैनी में बदल गईं, जब लेबनान से दुबई के रास्ते भारत लौट रहा 35 वर्षीय भूपिंदर सिंह दुबई एयरपोर्ट से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। परिवार के अनुसार भूपिंदर एक हादसे के बाद चलने-फिरने में असमर्थ है और मानसिक रूप से भी परेशान रहता है।

लापता युवक की बहन मनदीप कौर ने बताया कि उसका 35 वर्षीय भाई भूपिंदर सिंह करीब 12 साल पहले रोजी-रोटी कमाने के लिए लेबनान गया था, जहां वह एक कंपनी में काम करता था। काम के दौरान हुए एक हादसे में उसकी टांग टूट गई, जिसके बाद वह चलने-फिरने में असमर्थ हो गया। परिवार का कहना है कि हादसे के बाद से भूपिंदर मानसिक रूप से भी परेशान रहने लगा।

मनदीप कौर के अनुसार, ऐसी हालत में कंपनी की ओर से उसकी उचित देखभाल करने के बजाय उसे व्हीलचेयर के सहारे लेबनान एयरपोर्ट से भारत के लिए रवाना कर दिया गया। परिवार के मुताबिक भूपिंदर 6 अगस्त की रात करीब 11 बजे लेबनान से रवाना हुआ था और उसे दुबई के रास्ते भारत पहुंचना था।

परिवार ने बताया कि दुबई एयरपोर्ट पर भूपिंदर की करीब 7 घंटे की स्टे थी। इस दौरान एक-दो बार उसकी परिवार से फोन पर बातचीत भी हुई। आखिरी बातचीत के दौरान भूपिंदर ने परिवार को बताया था कि उसका पासपोर्ट गुम हो गया है। इसके बाद अचानक उसका फोन बंद हो गया और परिवार का उससे संपर्क टूट गया।

मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब परिवार के अनुसार उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट से संबंधित अधिकारियों का फोन आया कि भूपिंदर का बैग और अन्य सामान दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच गया है, जिसे परिवार आकर ले सकता है। हैरानी की बात यह है कि भूपिंदर का सामान तो दिल्ली पहुंच गया, लेकिन खुद भूपिंदर का अभी तक कोई अता-पता नहीं चल पाया है। बेटे के लापता होने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार को सबसे ज्यादा चिंता इस बात की है कि भूपिंदर शारीरिक रूप से चलने-फिरने में असमर्थ है, मानसिक रूप से भी परेशान बताया जा रहा है और उसके पास पासपोर्ट भी नहीं है।

परिवार ने भारत सरकार, विदेश मंत्रालय तथा दुबई और दिल्ली एयरपोर्ट के संबंधित अधिकारियों से अपील की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए भूपिंदर सिंह की तलाश के लिए तत्काल कार्रवाई की जाए और उसे सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाने में मदद की जाए। परिवार ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को भूपिंदर सिंह के संबंध में कोई जानकारी मिलती है तो तुरंत परिवार को सूचित किया जाए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!