Edited By Des raj,Updated: 01 Sep, 2018 01:10 AM
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता निमिषा मेहता ने गढ़शंकर के डी.एस.पी. राज कुमार पर रेत-बजरी का कारोबार करने वाले एक व्यापारी से हफ्ता वसूली का आरोप लगाया है। जालन्धर में प्रैस कॉन्फ्रैंस दौरान अपने आरोपों को साबित करने के लिए निमिषा मेहता ने शिव शक्ति नामक...
जालन्धर(स.ह.): कांग्रेस की वरिष्ठ नेता निमिषा मेहता ने गढ़शंकर के डी.एस.पी. राज कुमार पर रेत-बजरी का कारोबार करने वाले एक व्यापारी से हफ्ता वसूली का आरोप लगाया है। जालन्धर में प्रैस कॉन्फ्रैंस दौरान अपने आरोपों को साबित करने के लिए निमिषा मेहता ने शिव शक्ति नामक रेत-बजरी कारोबार की दुकान चलाने वाले राजवीर और उक्त डी.एस.पी. के मध्य टैलीफोन पर हुई बातचीत की रिकाॄडग के अलावा डी.एस.पी. के बैंक खाते में राजवीर के द्वारा जमा करवाए गए रिश्वत के पैसे के प्रमाण पेश किए।
प्रैस कॉन्फ्रैंस में रेत-बजरी का कारोबार करने वाला राजवीर भी मौजूद था। राजवीर ने बताया कि वह हिमाचल प्रदेश से रेत व बजरी मंगवाकर नवांशहर में तुंग बिल्डर को सप्लाई करता था। उसके टिप्पर गढ़शंकर से होकर गुजरते थे। राजवीर ने आरोप लगाया कि गढ़शंकर के डी.एस.पी. ने उसके टिप्पर बंद करने की धमकी देकर उससे प्रति टिप्पर 10,000 रुपए महीना वसूल करना शुरू कर दिया और वह 4 टिप्परों के बदले डी.एस.पी. को 40,000 रुपए महीना रिश्वत देता रहा। इसके बाद डी.एस.पी. ने फोन करके उसके बताए हुए पैट्रोल पम्प से डीजल डलवाने का दबाव डाला और उसे बालाजी पैट्रोल पम्प से तेल डलवाने को मजबूर किया। इस पम्प से डलवाए गए तेल की अदायगी कैश में की गई। कारोबार में मंदी और पेमैंट लेट होने के कारण जब डी.एस.पी. को हफ्ता नहीं पहुंचा तो डी.एस.पी. ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया। रिश्वत न मिलने की स्थिति में डी.एस.पी. ने उसके घर में पुलिस वालों को भेज कर परेशान करना शुरू कर दिया।
निमिषा मेहता ने आरोप लगाया कि डी.एस.पी. ने अपने पद का दुरुपयोग करके राजवीर को झूठे मामले में फंसाने की धमकियां दी हैं जिसकी जांच की जानी चाहिए। निमिषा ने कहा कि कांग्रेस राज्य में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं करेगी। वह इस मामले को पंजाब के पुलिस प्रमुख के पास भी उठाएंगी। डी.एस.पी. को यह स्पष्ट करना चाहिए कि किन कारणों के चलते एक पब्लिक सर्वैंट को अपने निजी खाते में रिश्वत की रकम ट्रांसफर करवानी पड़ी।
निमिषा के आरोप झूठे
इस बारे में जब डी.एस.पी. राजकुमार से उनका पक्ष जानने के लिए बात की गई तो उन्होंने कहा कि राजवीर उनका दोस्त है। दोस्ती के नाते उन्होंने राजवीर को साढ़े 3 लाख रुपए का कर्ज दिलवाया था। इस कर्ज के ऐवज में राजवीर ने उसे 2 लाख रुपए का चैक भी दिया हुआ है। निमिषा मेहता उनके खिलाफ झूठे आरोप लगा रही हैं।