Edited By Sonia Goswami,Updated: 19 Apr, 2018 02:05 PM
लुधियाना के ढल्ला गांव के रहने वाला हरमिंदर सिंह मिंटू पहले आतंकी संगठन बब्बर खालसा का सदस्य था।
पटियालाः लुधियाना के ढल्ला गांव के रहने वाला हरमिंदर सिंह मिंटू पहले आतंकी संगठन बब्बर खालसा का सदस्य था। 1986 में अरूर सिंह और सुखविंदर सिंह बब्बर ने जब खालिस्तान लिबरेशन फोर्स (केएलएफ) बनाई तो वह उससे जुड़ गया। इसके बाद चार बड़े संगठन भी 1995 में केएलएफ से जुड़ गए और फिर मिंटू इसका मुखिया बन गया। वह बब्बर खालसा के प्रमुख रहे वधावा सिंह का शागिर्द भी रहा है।
मिंटू इंटरनेट के माध्यम से खालिस्तान के लिए न सिर्फ पैसा जुटाता था बल्कि युवाओं को बरगलाकर अपने साथ भी कर रहा था। मलेशिया के फर्जी पासपोर्ट के सहारे उसने पूरे यूरोप और साउथ ईस्ट एशिया का दौरा कर वहां अपने साथी बनाए। इस बीच लगातार वह पाकिस्तान के दौरे भी करता रहा। 2014 में उसे दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह थाइलैंड से लौट रहा था। उसके पास से मलेशिया का नकली पासपोर्ट था जिस पर उसका नाम गुरदीप सिंह था।