Edited By Kalash,Updated: 10 Aug, 2026 11:21 AM

दीनानगर हलके के अंतर्गत आते गांव नारदा में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुई खूनी झड़प में दोनों पक्षों के कई लोगों के घायल होने का मामला सामने आया है।
गुरदासपुर (हरमन): दीनानगर हलके के अंतर्गत आते गांव नारदा में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुई खूनी झड़प में दोनों पक्षों के कई लोगों के घायल होने का मामला सामने आया है। घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल गुरदासपुर में भर्ती करवाया गया है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं और पीड़ित परिवारों ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और इंसाफ की मांग की है।
घटना संबंधी जानकारी देते हुए पहले पक्ष के घायल युवक राहुल मसीह ने बताया कि वह शाम को काम से लौटकर घर में खाना खा रहा था। इसी दौरान उसे सूचना मिली कि उसके चाचा के साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट की जा रही है। जब वह मौके पर पहुंचा तो कुछ लोग उसके चाचा पर हमला कर रहे थे। राहुल मसीह के मुताबिक, जब उसने अपने चाचा को बचाने की कोशिश की तो हमलावरों ने तेजधार हथियारों से उस पर भी हमला कर दिया, जिससे वह और उसका चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहुल मसीह ने आरोप लगाया कि हमलावरों के हौसले इतने बुलंद थे कि जब परिवार के सदस्य इलाज के दौरान उसे स्कैन करवाने के लिए ले जा रहे थे, तो सिविल अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर भी उन पर दोबारा हमला किया गया। पीड़ित के अनुसार हमलावरों में से चार युवक उनके ही गांव के हैं, जबकि कुछ युवकों को बाहर से बुलाया गया था।
दूसरी ओर, जब इस संबंध में दूसरे पक्ष से बात की गई तो उन्होंने पहले पक्ष द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए सिरे से खारिज कर दिया। दूसरे पक्ष ने भी घटना को लेकर अपना पक्ष पुलिस के समक्ष रखने की बात कही है।
फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। गांव नारदा में हुई इस घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। पीड़ित परिवारों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष और बिना किसी पक्षपात के जांच की जाए, घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाए और जांच के दौरान जिन लोगों की गलती सामने आए, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here