Edited By Kalash,Updated: 14 Apr, 2022 03:40 PM

अंबेडकर जयंती के अवसर पर पंजाब के सी.एम. भगवंत मान जालंधर पहुंचे है। यहां पहुंच उन्होंने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें याद किया। भगवंत मान ने कहा
जालंधर : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान डा. बी.आर. अंबेडकर के जन्म दिवस और बैसाखी के मौके पर आज जालंधर में राज्य स्तरीय समागम में पहुंचे। इस मौके पर डा. बी.आर. अंबेडकर को श्रद्धांजलि देने के उपरांत अपने संबोधन में भगवंत मान ने जनता को बाबा साहब के पदचिन्हों पर चलने के लिए कहा। यहां उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि जालंधर को बहुत बड़ी स्पोर्ट्स इंडस्ट्री बनाया जाएगा और डॉ. अंबेडकर के नाम पर जालंधर में एक बड़ी यूनिवर्सिटी बनाई जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने जालंधर को स्पोर्टस हब बनाने का भी ऐलान किया।
बाबा साहब जी का जिक्र करते उन्होंने कहा कि बाबा साहब के पास पैसे खत्म हो गए थे और उन्हें अपनी पढ़ाई विदेश में छोड़नी पड़ी थी। फिर बाद में वापस आकर उन्होंने पैसे कमाने के उपरांत फिर विदेश जा कर पढ़ाई की। बाबा साहब के पास 6 डॉक्टर की डिग्रियां थी। मान ने कहा कि पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप योजना के अपराधी जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे। उन्होंने कहा कि यह अपराध है और आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा मंत्रियों के लिए कोई नया वाहन खरीदने की किसी भी संभावना से इंकार किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष पंजाब सरकार के खिलाफ किसी भी मुद्दे के अभाव में बेवजह इस तरह की अफवाह फैला रहा है। भगवंत मान ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से ऐसा कोई कदम नहीं उठाया गया है।
बाबा साहब पिछड़े हुए लोगों और गरीबों के मसीहा थे। उन्होंने कहा कि जो लोग मशहूर हो जाते हैं, तो कई माता पिता अपने बच्चों के नाम उनके नामों पर रखने लग जाते हैं। इसी तरह उनके गांव में भी 4-5 बच्चों के नाम भीम हैं। उन्होंने कहा कि इस समय संविधान के साथ छेड़छाड़ हो रही है, जिसे बचाने की जरूरत है। हमारे संविधान को हमसे ही खतरा है, जिसे बचाना है। संविधान बचेगा तो देश बचेगा।
मान ने की जालंधर शहर की तारीफ, याद किए पुराने दिन
भगवंत मान ने जालंधर शहर की तारीफ करते हुए अपने पुराने दिनों को याद किया। पुराने दिनों को याद करते भगवंत मान ने कहा कि जालंधर को तो वैसे ही बहुत प्यार करता हूं क्योंकि एक बार घर वालों को बिना बताए दूरदर्शन पर गाना गाने आ गया था। बेशक उनसे उस समय गाना न गवाया गया पर बाद में उन्होंने दूरदर्शन में बेहद बढ़िया प्रोग्राम किए। जालंधर की हॉकी का जिक्र करते उन्होंने कहा कि जालंधर स्पोर्टस का मशहूर शहर है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here