Edited By Kalash,Updated: 29 Jun, 2026 11:40 AM

अमृतसर के रंजीत एवेन्यू इलाके में एक युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
अमृतसर (रमन): अमृतसर के रंजीत एवेन्यू इलाके में एक युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बीते दिनों रंजीत एवेन्यू के B-ब्लॉक स्थित एक स्नूकर सेंटर पर हुए इस हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई थी।
इस संबंध में मीडिया से बात करते हुए ADCP ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही रंजीत एवेन्यू थाने के SHO ने तुरंत टीमें बनाकर जांच शुरू कर दी थी। सिर्फ 24 घंटे के अंदर पुलिस ने अमृतसर के रहने वाले दो मुख्य आरोपियों साहिल और रितिक को गिरफ्तार कर लिया। ADCP ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि पीड़ित प्रयास शर्मा और आरोपियों के बीच करीब दो महीने पहले शक्ति नगर के एक स्नूकर सेंटर में किसी बात को लेकर बहस हुई थी। यह हमला उसी पुरानी रंजिश के चलते किया गया। उन्होंने यह भी साफ किया कि वायरल वीडियो में दिख रहा हथियार असली हथियार नहीं, बल्कि एक खिलौना पिस्तौल है। हालांकि पुलिस हर एंगल से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
गौरतलब है कि इस हमले में प्रयास शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनकी एक उंगली भी कट गई थी। घटना के बाद घायल को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दूसरी ओर, पीड़ित परिवार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहा है। ADCP ने कहा कि पंजाब पुलिस और अमृतसर पुलिस हर गंभीर अपराध को जल्द से जल्द ट्रेस करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे किसी भी घटना को झूठी अफवाहों से न जोड़ें और अपराध मुक्त समाज बनाने के लिए पुलिस का सहयोग करें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here