Edited By Punjab Kesari,Updated: 21 Nov, 2017 07:56 AM
सिटी पुलिस गुरदासपुर ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है जो पुलिस कर्मचारी के रूप में जाली पहचान-पत्र के सहारे टोल प्लाजा तथा पुलिस नाकों पर पुलिस कर्मचारियों को गुमराह करके लाभ उठाता था।
गुरदासपुर(विनोद): सिटी पुलिस गुरदासपुर ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है जो पुलिस कर्मचारी के रूप में जाली पहचान-पत्र के सहारे टोल प्लाजा तथा पुलिस नाकों पर पुलिस कर्मचारियों को गुमराह करके लाभ उठाता था।
जानकारी देते हुए सिटी पुलिस स्टेशन इंचार्ज शाम लाल ने बताया कि सहायक पुलिस इंस्पैक्टर कर्मजीत पुलिस पार्टी के साथ पुरानी कनक मंडी चौक गुरदासपुर में खड़े थे कि किसी मुखबिर ने पुलिस पार्टी को सूचित किया कि एक आरोपी राजन शर्मा पुत्र रामलुभाया निवासी गांव कुंडे लालपुर ने लम्बे समय से किसी नरेन्द्र कुमार के नाम से पुलिस कर्मचारी के नाम पर जाली पहचान-पत्र बनाया हुआ है। आरोपी टोल प्लाजा पर न तो टोल टैक्स देता है तथा पुलिस नाकों पर अपने आपको पुलिस कर्मचारी बताकर वह लाभ ले रहा है। मुखबिर ने पुलिस पार्टी को यह भी सूचित किया कि आज भी आरोपी कार में सवार होकर आ रहा है, यदि नाकाबंदी की जाए तो आरोपी को गिरफ्तार किया जा सकता है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस सूचना के आधार पर पुलिस पार्टी ने नाका लगाकर आरोपी को रोक कर जब पूछताछ की तो आरोपी ने फिर पुलिस का जाली पहचान-पत्र दिखाकर लाभ लेना चाहा, परंतु जब पुलिस पार्टी ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया तथा बताया कि वह लम्बे समय से इस जाली पहचान-पत्र का प्रयोग कर रहा है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।