Edited By Kalash,Updated: 05 Sep, 2026 05:30 PM

स्थानीय फव्वारा चौक के निकट बीती रात अज्ञात चोरों ने एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान को निशाना बनाते हुए दुकान की देहली तोड़कर शटर ऊपर उठा दिया और अंदर से करीब 90 हजार रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान व नकदी चोरी कर ली।
भुच्चो मंडी (नागपाल): स्थानीय फव्वारा चौक के निकट बीती रात अज्ञात चोरों ने एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान को निशाना बनाते हुए दुकान की देहली तोड़कर शटर ऊपर उठा दिया और अंदर से करीब 90 हजार रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान व नकदी चोरी कर ली। चोरी की घटना का पता सुबह उस समय चला, जब दुकान के पड़ोसी ने दुकानदार को फोन कर शटर टूटे होने की सूचना दी।
पीड़ित दुकानदार विवेक सिंगला ने बताया कि सुबह पड़ोसी का फोन आने पर वह तुरंत अपनी दुकान पर पहुंचे। दुकान पर जाकर देखा तो दुकान की देहली टूटी हुई थी और शटर को नीचे ईंटें लगाकर ऊपर उठाया हुआ था। दुकान की हालत देखकर उन्हें तुरंत चोरी होने का पता चल गया।
दुकानदार के अनुसार, अज्ञात चोरों ने पहले दुकान की देहली तोड़ी और इसके बाद शटर को ऊपर उठाकर दुकान के अंदर प्रवेश किया। चोर दुकान से तीन एलईडी, दो मोबाइल फोन, पांच प्रेसों के अलावा अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर ले गए। इसके साथ ही मंदिर में रखे करीब 4 हजार रुपये तथा दुकान के गल्ले में रखी करीब 3 से 4 हजार रुपये की नकदी भी चोरी कर ली गई।
उन्होंने बताया कि चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 90 हजार रुपये बनती है। वारदात के बाद दुकानदार ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। चोरों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है। स्थानीय दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि रात के समय बाजारों में गश्त बढ़ाई जाए और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए उचित कदम उठाए जाएं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here