Edited By Updated: 28 Oct, 2016 12:35 PM
नई दिल्ली से चलकर अमृतसर को जाने वाली शताब्दी एक्सप्रैस में नकोदर के एन.आर.आई. का एक बैग छूट गया था।
जालंधरः नई दिल्ली से चलकर अमृतसर को जाने वाली शताब्दी एक्सप्रैस में नकोदर के एन.आर.आई. का एक बैग छूट गया था। इस बैग में करीब 13 लाख रुपए का सामान था। आर.पी.एफ. अमृतसर और जालंधर की टीम के प्रयास से एन.आर.आई. को वह सामान लौटाया जा सका। आर.पी.एफ. की टीम के इस सराहनीय प्रयास के लिए डी.आर.एम. अनुज प्रकाश और सीनियर डिवीजनल सिक्योरिटी कमांडेंट शादाबजेब खान ने प्रशंसा की है।
आर.पी.एफ. पोस्ट इंचार्ज अमृतसर अरुण कुमार ने बताया कि नकोदर के एन.आर.आई. केवल सिंह चोखर पत्नी परमजीत कौर के साथ शताब्दी के ई-2 कोच के 39 और 43 नंबर सीट पर सफर कर रहे थे। वह लंदन के चेस्टनेट शहर में रहते हैं। जालंधर में ट्रेन रुकने पर वह बिना बैग लिए ही उतर गए। उन्हें नकोदर में अपने रिश्तेदार लखविंदर सिंह के पास जाना था।
ट्रेन जब अमृतसर पहुंची तो कोच के वेंडर ने बैग के बारे में ट्रेन के स्क्वायड आर.पी.एफ. जवान को जानकारी दी। फिर उस बैग को लेकर आर.पी.एफ. थाने पहुंच बैग के मालिक को खोजने का काम शुरू किया गया। एक टीम इमीग्रेशन ऑफिस गई। वहां से क्लू मिला कि पासपोर्ट आफिस से डिटेल जानकारी मिल जाएगी। जालंधर की टीम को पासपोर्ट आफिस भेजकर पता किया गया।
इसके अलावा एक टीम को एन.आर.आई भवन भेजकर डिटेल पता किया गया। एन.आर.आई. भवन से उनका फोन नंबर मिल गया। फिर उनसे संपर्क करके तीन दिन बाद जाकर उन्हें अमृतसर बुलाकर उनकी डिटेल चैकिंग करने के बाद सामान उन्हें सौंप दिया गया। एन.आर.आई. से खुशी जाहिर करते हुए कहा कि हम तो सामान नहीं मिलने की बात स्वीकार कर चुके थे। आर.पी.एफ .की टीम ने बहुत ही बेहतरीन काम किया।
बैग में पांच पासपोर्ट और 14 हजार पाउंड के चैक थे। छह जोड़ी सोने के ईयर टॉप्स थे। एक गले की मोती माला। हवाई टिकट के अलावा पांच पासपोर्ट थे। इसकी अनुमानित कीमत 13 लाख रुपए है।