Edited By Punjab Kesari,Updated: 12 Sep, 2017 04:46 PM
नशे की लत के चलते अपराध की दलदल में फंसे एक 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार करके उसके पास से सदर पुलिस ने 12 ग्राम हैरोइन बरामद की है।
लुधियाना(महेश): नशे की लत के चलते अपराध की दलदल में फंसे एक 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार करके उसके पास से सदर पुलिस ने 12 ग्राम हैरोइन बरामद की है। जिसने चोरी की वारदातों में भी अपनी संलिप्तता कबूली है। पुलिस आरोपी को 2 दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।
ए.एस.आई. गुरदयाल सिंह ने बताया कि आरोपी रोहित रावत मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। कुछ समय पहले वह मेहनत-मजदूरी करने के लिए अपने माता-पिता के साथ लुधियाना आया था, लेकिन इसी बीच बुरी संगत में फंस कर वह नशा करने लगा। जो पैसा कमाता उसे नशे में उड़ा देता था। फिर नशे की लत उस पर इस कदर हावी हुई कि वह इसकी पूर्ति के लिए अपराध के दलदल में धंस गया। उसने चोरी की वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया। उसने चोरी की 2 वारदातों में अपना अपराध कबूल किया है जोकि उसने सदर के इलाके में ही की।
गुरदयाल ने बताया कि रोहित अविवाहित है। उसे रविवार को थरीके गीता माता मंदिर चौक के पास से चैकिंग के दौरान काबू किया गया था। उसके खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी को 2 दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस ने संभावना व्यक्त की है कि पूछताछ में और भी कई वारदातों का खुलासा हो सकता है। एक अन्य मामले में सदर पुलिस ने गांव रूड़का के नवजोत सिंह को गिरफ्तार करके उसके कब्जे से चोरी का एक बाइक बरामद किया है।जांच अधिकारी कुलवंत सिंह ने बताया कि आरोपी को ललतों कलां चौक के पास से चैकिंग के दौरान काबू किया।