Edited By Punjab Kesari,Updated: 09 Jan, 2018 05:04 PM
पंजाब में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने आधार लीकेज मामले में पत्रकारों को निशाना बनाने पर केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने कहा कि उनकी सरकार प्रैस की...
जालन्धर (धवन): पंजाब में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने आधार लीकेज मामले में पत्रकारों को निशाना बनाने पर केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने कहा कि उनकी सरकार प्रैस की स्वतंत्रता के लिए मीडिया के साथ पूरी तरह से खड़ी है। उन्होंने कहा कि वह हमेशा प्रैस की आजादी के पक्ष में रहे हैं। मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा कि मीडिया की आवाज को कतई दबाया नहीं जाना चाहिए क्योंकि मीडिया की लोकतंत्र में हमेशा ही अहम भूमिका रही है।
दूसरी तरफ पंजाब कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील जाखड़ तथा कैबिनेट मंत्री तृप्त रजिन्द्र बाजवा व मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल ने भी संघर्षशील पत्रकारों को अपना समर्थन दे दिया है। जाखड़ ने कहा कि केंद्र की मौजूदा सरकार प्रैस की आजादी पर हमला कर रही है। उन्होंने कहा कि आधार प्रणाली में अगर कोई खामियां है तो इन्हें ढूंढ कर अपनी गलतियों को दूर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरे लीकेज कांड की गहराई से जांच होने की जरूरत है।
जाखड़ ने कहा कि केंद्र मीडिया की आवाज को दबाना चाहती है तथा लोकतांत्रिक ढंग से चुनी हुई सरकार को ऐसा करना शोभा नहीं देता है। दूसरी ओर कैबिनेट मंत्री तृप्त बाजवा ने कहा कि कांग्रेस सरकार मीडिया पर किसी प्रकार का हमला सहन नहीं करेगी। सभी लोकतांत्रिक शक्तियों को इक_ा होना चाहिए। ठुकराल ने कहा कि मुख्यमंत्री चूंकि स्वस्थ नहीं है इसलिए वह व्यक्तिगत तौर पर मीडिया से मिल नहीं सके परन्तु कैप्टन अमरेन्द्र सिंह प्रैस की आजादी के लिए कृत्य संकल्प हैं।