Edited By Kamini,Updated: 05 Aug, 2026 09:07 AM

जिले में लूटपाट की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। इसी बीच जिम से लौट रहे युवक को लुटेरों ने निशाना बनाया।
गुरदासपुर (हरमन/हरिंजदर सिंह गोराया): जिले में लूटपाट की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। इसी बीच जिम से लौट रहे युवक को लुटेरों ने निशाना बनाया। थाना धारीवाल के अंतर्गत पड़ते गांव जफरवाल से मल्हियां फकीरां जाने वाली सड़क पर बुधवार शाम 4 नकाबपोश बाइक सवार लुटेरों ने स्कूटी पर घर लौट रहे एक युवक के गले से करीब डेढ़ तोला सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। वारदात के दौरान एक आरोपी का एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन मौके पर ही गिर गया। पीड़ित युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए अपने मोबाइल फोन से फरार हो रहे लुटेरों की कुछ सेकंड की वीडियो भी बना ली।
पीड़ित आशीष पुत्र रॉबिन मसीह निवासी गांव फैजुलाउल्लाह चक्क ने बताया कि वह रोजाना की तरह गांव जफरवाल स्थित एक जिम में व्यायाम करने गया था। उसके विदेश में रह रहे चाचा ने उसे करीब डेढ़ तोला सोने की चेन उपहार में दी थी, जिसे वह गले में पहनकर गया था। शाम करीब 5.45 बजे जब वह स्कूटी पर सवार होकर जिम से वापस अपने गांव फैजुलाउल्लाह चक्क लौट रहा था और गांव जफरवाल से कुछ दूरी पर मल्हियां फकीरां जाने वाली सड़क पर पहुंचा, तभी सामने से स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार 4 युवकों ने, जिन्होंने अपने चेहरे कपड़ों से ढके हुए थे, उसकी स्कूटी रोक ली। विरोध करने के बावजूद आरोपियों ने उसके गले से सोने की चेन झपट ली और मोटरसाइकिल पर सवार होकर जफरवाल की ओर फरार हो गए।
आशीष ने बताया कि भागते समय एक आरोपी का एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन घटनास्थल पर ही गिर गया। उसने तुरंत अपने मोबाइल से फरार हो रहे लुटेरों की कुछ सेकंड की वीडियो भी रिकॉर्ड कर ली। पीड़ित के पिता रॉबिन मसीह ने बताया कि घटना की सूचना थाना धारीवाल पुलिस को दे दी गई है तथा घटनास्थल पर मिला मोबाइल फोन भी पुलिस के हवाले कर दिया गया है। उधर, थाना धारीवाल के एसएचओ इंस्पेक्टर अमृतपाल सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है तथा उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here