Edited By Urmila,Updated: 26 Sep, 2026 03:09 PM

एन.एच.एम. एम्प्लाइज यूनियन पंजाब द्वारा अपनी लंबे समय से लटकी जायज और हक की मांगों के समाधान के लिए संघर्ष को और तेज करने का ऐलान किया गया है।
गुरदासपुर (हरमन): एन.एच.एम. एम्प्लाइज यूनियन पंजाब द्वारा अपनी लंबे समय से लटकी जायज और हक की मांगों के समाधान के लिए संघर्ष को और तेज करने का ऐलान किया गया है। यूनियन द्वारा जारी किए गए संघर्ष कार्यक्रम के तहत पंजाब भर में चरणबद्ध रोष प्रदर्शन करने के उपरांत 9 अक्टूबर को धूरी में राज्य स्तरीय महा रैली करने का फैसला किया गया है।
एन.एच.एम. यूनियन पंजाब के प्रांतीय नेता डॉ. सुनील तरगोत्रा ने प्रेस से बातचीत करते हुए बताया कि 28 सितंबर 2026 को पंजाब के समस्त जिलों में सिविल सर्जन कार्यालयों के बाहर जिला स्तरीय धरने दिए जाएंगे और सिविल सर्जनों के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग तथा सरकार को लंबित मांगों संबंधी अवगत करवाया जाएगा। इसके बाद 1 अक्टूबर 2026 को पंजाब भर में विधायकों के कार्यालयों के आगे रोष प्रदर्शन करके मांग पत्र सौंपे जाएंगे, जिनके माध्यम से सरकार से पिछली बैठकों में किए गए फैसलों और आश्वासनों को अमली जामा पहनाने की मांग की जाएगी। इसी कड़ी के तहत 9 अक्टूबर 2026 को धूरी में राज्य स्तरीय महा रैली की जाएगी, जिसमें पंजाब भर से लगभग 6,000 से 6,500 एन.एच.एम. कर्मचारियों के अलावा अन्य भ्रातृ स्वास्थ्य संगठनों के सदस्य भाग लेंगे।
डॉ. रविंदर सिंह काहलों ने कहा कि सरकार के समक्ष मुख्य रूप से एन.एच.एम. कर्मचारियों की वर्षों से लटकी जायज मांगों को तुरंत विभागीय कमेटी के माध्यम से हल करने, पिछली बैठक में किए गए फैसलों को लागू करने और "समान काम समान वेतन" के सिद्धांत के अनुसार वेतन में उचित वृद्धि करने की मांग रखी गई है। यूनियन नेताओं ने विभिन्न कैडरों से संबंधित लंबित फाइलों का जल्द निपटारा करने की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने मांगों के समाधान के लिए ठोस कार्रवाई न की तो 9 अक्टूबर की महा रैली के बाद संघर्ष को और तीखा और विशाल किया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here